शिवगंज. निकटवर्ती आल्पा गांव में शुक्रवार की देर शाम पति ने फावड़े से वारकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित गांव से करीब १५ किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हत्या की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है। मृतका के पीहर पक्ष के लोगों ने अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार सुबह थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपित के माता-पिता तथा एक भाई को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार आल्पा गांव निवासी हीराराम पुत्र फगलुराम रेबारी का विवाह चार वर्ष पूर्व गोडाना गांव निवासी पाजली पुत्री राजाराम देवासी (२२) के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति और पत्नी के बीच आपसी संबंध अच्छे नहीं थे। इस वजह से पाजली पिछले लंबे समय से पीहर में ही निवास कर रही थी। हाल ही के दिनों में दोनों गांवों के समाज के लोगों और परिवार की सहमति के बाद वह अपने ससुराल आई थी। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर हीराराम ने फावड़ा उठाकर पत्नी के सिर पर मार दिया। सूत्रों के मुताबिक हीराराम ने उसके सिर तथा गर्दन पर करीब तीन से चार वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शिक्षण सामग्री वितरित
पोसालिया. आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय पोसालिया में शनिवार को विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। मानव सेवा समिति संयोजक मोहनलाल बी जैन के निर्देशन में शिक्षण सामग्री वितरित की गई। संस्था प्रधान रामलाल ने बताया कि समिति ने विद्यालय भवन भी बनवाकर भेंट किया था। इसके अलावा कक्षा अरूण के २३ विद्यार्थियों का आधा शिक्षण शुल्क भी समिति की ओर से वहन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को बस्ता, अभ्यास पुस्तिका सहित अन्य शिक्षण सामग्री प्रदान की गई।





No comments:
Post a Comment