जालोर. शहर में लूट गैंग सक्रिय है, बावजूद इसके पुलिस अब तक कोई खास कार्रवाई इन मामलों में नहीं कर पाई है। शुक्रवार दोपहर में एक बार फिर से एक बुजुर्ग लूट का शिकार हुआ। जानकारी के अनुसार देबावास निवासी पेकाराम चौधरी नकदी आहरण के लिए जालोर के तिलक द्वार स्थित एसबीआई बैंक पर पहुंचा था।
काफी मशक्कत के बाद उसने बैंक से नकदी हासिल की, लेकिन उसके बाद वह तिलक द्वार के भीतर खड़े एक सब्जी की लोरी पर फल सब्जी खरीदने पहुंच गया। इस दौरान एक अन्य युवक भी कुछखरीद कर रहा था। खरीदारी के दौरान भूलवश बुजुर्ग ने पैसों का थैला लोरी पर ही रख दिया और सब्जी खरीदने के साथ वहां से रवाना हो गया। कुछ दूर निकलने के बाद उसे अपने पैसे याद आए तो वह फिर से लोरी पर आया, लेकिन उसका पैसों का थैला वहां से गायब था। ऐसे में उसने उस युवक को खोजा, जो सब्जी की खरीद उसके साथ ही कर रहा था। उस युवक को पकडऩे के साथ पुलिस को इत्तला दी गई, लेकिन उसकी तलाशी लेने पर पर्स में से केवल 200 रुपए और एक पांच सौ रुपए का पुराना नोट मिला।
पहले का खुलासा नहीं
फरवरी में रात के समय मुख्य बाजार में दुकान से घर की ओर जा रहे एक व्यापारी से भी लूट की वारदात हुई थी। यह व्यापारी पैसों से भरा बैग रखकर दुकान पर ताला लगा रहा था। इस दौरान युवक 1.53 लाख रुपए छीनकर बाइक पर फरार हो गए। जिसका अब तक खुलासा नहीं हुआ। मामले में व्यापारी ने धरना प्रदर्शन किया और पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, लेकिन परिणाम शून्य ही रहा। शहर का कोतवाली थाना पूर्व में शहर के मुुख्य बाजार में ही था। इस क्षेत्र में ही व्यापार अधिक फैला है, लेकिन वर्तमान हालातों को देखते हुए साल की शुरुआत में कोतवाली थाने को आहोर मुख्य मार्ग पर पुलिस लाइन के पास नए भवन में शिफ्ट किया गया।
इनका कहना
बुजुर्ग द्वारा पैसे ले जाने के बारे में बताया गया है, रिपोर्ट पेश नहीं की गई है। संदिग्ध युवक को लाकर तलाशी लेने के साथ उससे पूछताछभी की गई है, लेकिन किसी तरह की जानकारी नहीं मिली है। मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- माणकराम, शहर कोतवाल





No comments:
Post a Comment