Breaking News
recent

रोडवेज को दो दिनों में क्यों हो चुका 25 लाख का नुकसान


चित्तौडग़ढ़. रोडवेज कर्मियों की मांगों को लेकर मंगलवार रात १२ बजे से रोडवेज के जाम का असर जारी है। तीसरे दिन शुक्रवार को भी बसें वर्कशॉप से बाहर नहीं निकल पाई और बस स्टैण्ड पर सन्नाटा पसरा रहा। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रशासन को सरकार के नाम ज्ञापन भी दिया।
दो दिनों से हड़ताल से करीब ११० बसों का किसी भी मार्ग पर संचालन नहीं हुआ। इससे दो दिनों में स्थानीय डिपो को करीब २५ लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। साथ ही करीब ३० हजार यात्रियों को गंतव्य तक आने-जाने के निजी बसों, जीप, टैक्सियों व ट्रेन की यात्रा करनी पड़ी। रोडवेज श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा एटक, सिटू, इन्टक, बीजेजेएम, रिटायर्ड एसोसिएशन कल्याण समिति के प्रदेश व्यापी आह्वान पर मांगों को मंगलवार आधी रात के बाद रोडवेज बसों के थमे चक्के गुरुवार रात १२ बजे तक थमे रहे। दो दिनों से बसें नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी हुई वहीं बस स्टैण्ड पर कार्मिकों की सभा, धरने के अलावा सूनापन छाया रहा। दूसरे दिन भी कन्ट्रोल रूम का संचालन जारी रहा।
एक हजार नई बसों की खरीद, नई भर्ती कर नौ हजार पदों को भरने, सेवानिवृत 4000 कर्मचारियों को उनका बकाया भुगतान करने सभी कर्मचारियों को एक्सग्रेसिया, बकाया बोनस, बकाया महंगाई भत्तों का भुगतान करने, सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतनमान देने, प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन व पेन्शन का नियमित भुगतान करने, निजी बसों का संचालन रोडवेज बस स्टैण्ड से 2 से 5 किलोमीटर दूर करने आदि मांगों को लेकर कार्मिकों ने धरना प्रदर्शन किया। बस स्टैण्ड पर श्रमिक नेता आनन्द स्वरूप छीपा की अध्यक्षता में आम सभा हुई। इस सभा में संयुक्त मोर्चे के संयोजक श्यामप्रकाश सोनी ने पिछले चार साल से चल रहे आन्दोलनों पर कहा कि सरकार का रवैया नकारात्मक होने के कारण मोर्चे को हड़ताल पर जाना पड़ा। रेलवे पायलेट लूणाराम सियाग ने हड़ताल को पूरा समर्थन देते हुए आगे संघर्षों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने का आश्वासन दिया।
राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष हेमन्त संत ने बताया कि उनको प्रान्तीय नेतृत्व के आदेश मिल गए हैं, जिले का राज्य कर्मचारी तन-मन-धन से हड़ताल में सहयोग करेगा। श्रमिक नेता कन्हैयालाल श्रीमाली ने भी कहा कि रोडवेज कर्मचारी जनता एवं अन्य संगठनों के संघर्षोंं में आगे रहे हैं, इसलिए इस संघर्ष के दौर से जिले के श्रमिक रोडवेज कर्मचारियों के आन्दोलन को समर्थन देंगे। श्रमिक नेता आर.के.सिंह ने जिले के सीमेन्ट मजदूरों की ओर से हड़ताल को पूर्ण समर्थन दिया। सभा में प्रगतिशील शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कालूराम, संयुक्त महासंघ के जिला महामंत्री कमल मीणा, लघु उद्योग मजदूरों के नेता हाफीज मौलाना ने भी हड़ताल का समर्थन किया। सभा के बाद हड़ताली कर्मचारियों ने रैली निकाल कर जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर मानव शृंंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। सभा का समापन आनन्द स्वरूप छीपा के अध्यक्षीय भाषण के साथ हुआ।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.