जालोर.
गरीब की रसोई से धुआं हटाने का उद्देश्य लेकर बनाई गई प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अभी लक्ष्य तक नहीं पहुंची है। जिले में अब भी 40 हजार महिलाएं गैस कनेक्शन से वंचित है। हालांकि लक्ष्यों की पूर्ति करने में अभी नौ माह का समय शेष है, लेकिन इन ढाई वर्षों में ही यह योजना मंथर गति से चली है। इनमें से भी अधिकतर कनेक्शन विभिन्न विभागीय शिविरों में जारी किए गए हैं। पात्र महिलाओं को गैस एजेंसी से सीधे ही कनेक्शन वितरित करने के ज्यादा प्रयास नहीं किए जा रहे। एक तरह से जिले में गैस कनेक्शन वितरण का कार्य काफी मंथर गति से चल रहा है। पात्र लोगों को लाभान्वित करने के लिए गैस एजेंसियों को भी शिविर लगाने थे, लेकिन महज औपचारिकता निभाई जा रही है। जिन लोगों को कनेक्शन नहीं मिल पाए है उनकी रसोई से अब भी धुआं उठ रहा है।
ताकि बीमारियों की रोकथाम हो
देशभर में स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक मई, 2016 को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने उज्ज्वला योजना लागू की थी। इसमें महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने व महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी निहित थी। माना जा रहा है कि वर्तमान में अशुद्ध जीवाश्म ईंधन के उपयोग से खाने में कई बीमारियां आ जाती है। योजना लागू होने से अशुद्ध जीवाश्म ईंधन का उपयोग कम होगा तथा प्रदूषण में कमी आएगी।
बीपीएल को मुफ्त कनेक्शन
योजना की क्रियान्विति में तीन वर्षों का समय निर्धारित किया गया है। इसके तहत वर्ष-2018-19 तक देशभर में पांच करोड़ बीपीएल परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन जारी करने का प्रावधान किया गया। इसके लिए 8000 करोड़ रुपए का बजट जारी किया है। उधर, जिले में यह आंकड़ा एक लाख 44 हजार 444 कनेक्शन जारी करने है। इसके विपरित यहां एक लाख 5 हजार 662 कनेक्शन ही जारी हुए हैं।
न मॉनिटरिंग की और न फीडबैक लिया
योजना को जिस तरीके से लागू किया गया है उसके अनुरूप क्रियान्वित नहीं किया जा रहा। कनेक्शन वितरण के बाद भी न तो ठोस तरीके से मॉनिटरिंग की गई और न ही लाभार्थियों से फीडबैक लिया गया। नतीजतन, कई घरों में गैस चूल्हे धूल फांक रहे हैं। एक बार ले जाने के बाद कई लोगों ने गैस रिफिल तक नहीं करवाई। इससे कनेक्शन लेना या न लेना बराबर हो गया।
फैक्ट फाइल
लक्ष्य
- एक लाख 44,444
लाभान्वित
- एक लाख 05,662
निर्धारित समय
- मार्च, 2018-19
(आंकड़े 21 जून तक, स्रोत: रसद विभाग)
कनेक्शन वितरित किए जा रहे हैं। अभी तक एक लाख के आसपास कनेक्शन दे चुके हैं। शेष पात्र लोगों को भी निर्धारित समय तक वितरित कर देंगे।
- पुष्पराज पालीवाल, प्रवर्तन अधिकारी, रसद विभाग, जालोर





No comments:
Post a Comment