राजसमन्द/नाथद्वारा
क्षेत्र की जनता को घरेलूू उपकरणों इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा अलमारी, पलंग, सोफासेट, डाईनिंग टेबल, लेपटॉप टीवी आदि को बाजार के मूल्य से 45 प्रतिशत कम दर पर बेचने के लिये शहर के सिंहाड़ क्षेत्र में लगाई दुकान का मालिक शनिवार को रफूचक्कर हो गया । जिसमें लोगों के माल बुक कराने पर 12 दिन बाद डिलेवरी मिलने की शर्त थी जिससे उसने लाखों रूपये जमा कर लिये । जिसके चलते लोगों ने दुकान के शटर तोड़कर उसमें रखे सामान आदि पर हाथ साफ कर लिया ।
सामान पिछले एक महीने से बेच जा रहा था
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर की जनता के लगभग 2 करोड से उपर की राशि को लेकर यह दुकानदार रफूचक्कर हो गया । जानकारी के अनुसार शहर के सिंहाड़ हनुमानजी के ठीक पास मंगल दर्शन अपार्टमेंट के नीचे स्थानीय संपत लाल लोढ़ा ने अपनी पांच शटर लगी बड़ी दुकान को मैसर्स मास ट्रेडर्स के नाम से दुकान लगाने वाले को किराये पर दी । उक्त दुकानदार के द्वारा रोजमर्रा में काम आने वाले घरेलू उपकरण मोबाईल, टीवी, फ्रीज, कूलर, वाशिंग मशीन, पलंग, सोफासेट, डायनिंग टेबल सहित कई इलेक्ट्रॉनिक आयटम के साथ सैंकड़ें अन्य सामान को अपने यहां पर बाजार दर से 45 प्रतिशत की छूट के साथ सभी सामान पिछले एक महीने से बेच जा रहा था। इसके लिये कई लोगों ने अपनी जरूरत के सामान खरीदने के लिए रूपयों को जमा करा सामान बुक करा दिया ।
दुकान के बाहर सेैंकड़ों लोग जमा हो गए
शनिवार को सुबह जब निर्धारित समय पर दुकान नहीं खुली तो शहर में आग की तरह इसकी खबर फैल गई कि मास ट्रेडर्स वाला तो भाग गया । इसके बाद कुछ ही देर में दुकान के बाहर सेैंकड़ों लोग जमा हो गए और इस भीड़ में कई लोगों ने हुड़दंग करते हुए दुकान के शटर आदि तोडऩे प्रारंभ कर दिए एवं दुकान में रखे सामान में से जो भी हाथ लगा उसको लेकर रवाना हो गए । इस दौरान लोागों ने दुकान के लगे लगभग सभी शटर को तोड़ दिये । यहां रखे माल के साफ हो जाने के बाद लोगों को पता लगा कि पास में गोदाम है वहां पर भी सामान रखा है , ऐसे में वहां पर भी लोग पहुंच गए ,परंतु उसको भवन मालिक के विरोध के चलते नहीं तोड़ा जा सका ।
2 करोड़ से उपर राशि होने का अनुमान
लोगों के द्वारा जिस प्रकार से कम दाम में मिल रहे सामान के आकर्षण को लेकर विविध उपकरण सामान आदि की बुकिंग कराई । उससे प्रारंभिक अनुमान यह लगाया जा रहा है कि इन दुकानदारो के द्वारा लगभग 2 करोड से अधिक की चपत शहर व क्षेत्र की जनता को लगा दी ।
ऐसे हुआ कबाड़ा
दुकानदार से जो भी माल खरीदने के लिये बुकिंग कराई गई । उसके जो बाजार मूल्य है उसमें से 45 प्रतिशत छूट के बाद जो शेष बची राशि वूसल रहा था ,और जो सामान बुक कराता उसे 12 दिन बाद डिलेवरी देता था । ऐसे में कई लोगों ने सस्ते के चक्कर में लाखों रूपयों की बुकिंग करादी ।
किसी ने बेटी को देने के लिये तो किसी ने घर सजाने के लिये कराई बुकिंग
वहां मौजूद लोग अब सर पकड़ कर रो रहे हैं लोगों के अनुसार एक व्यक्ति ने आगामी नवंबर माह के आसपास अपनी बेटी की शादी होने के चलते उसको देने के लिये पलंग सोफासेट अलमारी टीवी फ्रीज सहित लगभग डेढ़ लाख रूपयों से अधिक का सामान खरीदा । सस्ते के चक्कर में उसने यह राशि अलग अलग बिल बनवाकर दुकानदार को दे दी, और माल 12 दिन बाद आने का था ,परंतु उससे पहले ही वह भाग गया ।हालात यह थे कि सिंहाड़ दुकान के बाहर पहुंची महिलाओं को अपने लूटे जाने का पता लगा तो वो रोने लग गई , इस दौरान कई महिलाओं ने तो बताया कि उन्हें क्या पता ऐसा धोखा हो जाएगा । इस पर पुलिस उपाधीक्षक भाटी आदि ने भी कहा कि जब आप लोगों को पता था कि इसके खिलाफ कार्यवाही की गई है तो बुकिंग क्यों कराई ।
एक हजार के करीब बिल लेकर थाने पहुंचे लोग
उधर इस घटना के बाद अपने साथ हुए धोखे पर सैंकड़ों लोग मास ट्रेडर्स के द्वारा की गई बुकिंग एवं उनके द्वारा दी गई राशि के बिल लेकर थाने में पहुंचें एवं पुलिस को आप बीती बताई । इस बारे में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यहां जमा कराये बिलों में से लगभग 500 लोंगों की राशि को जोड़ा गया तो 25 लाख से अधिक की राशि तो हो गई थी । जबकि अन्य शिकायतें आने का क्रम जारी था । दुकान के सामान को ले जाने के बाद पास ही स्थित गोदाम पर भी लोगों के बार बार पहुंचने को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक ने उसे सीज करने के आदेश दिए । जिसके बाद गोदाम को सीज कर दिया गया । लोगों ने बताया कि उसमें भी सामान रखा होगा ।
पुलिस ने किया पूर्व में शांतिभंग में गिरफ्तार
स्थानीय पुलिस के द्वारा गत 30 जून को कम दाम में माल बेचने वालों को शांति भंग में पकड़ा था । शांतिभंग में गिरफ्तार किए गए लोगों में तमिलनाडू के वेपनकुल्लम काराईकुड़ी, जिला शिवकंग निवासी रविचन्द्रन बिजीङ्क्षहदू पुत्र मुथू , तमिलनाडू के ही तंजावूर निवासी अमलदास ईसाई पुत्र सिला राज, तमिलनाडृू के पेरावल्ली तंजावूर निवासी राजमोहन आंबलाक पुत्र सुब्रमण्यम तथा तमिलनाडू के वेपकुलम कारई कुड़ी, थाना कलल निवासी राजू पिसी पुत्र सोकलिंगम पिसी आदि शामिल थे । जिनको शांतिभंग में प्रकरण के बाद छोड़ा गया था । पुलिस उपाधीक्षक भाटी ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने के बाद इन्होंने हाईकोर्ट में हमारे खिलाफ बताया कि हमें बिजनेस नहीं करने दिया जा रहा है। ऐसे में अब लोग जो प्रकरण पुलिस में दर्ज करायेंगें उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी ।
इनका कहना है
प्रकरण दर्ज करके कार्यवाही की जाएगी । एक साथ सभी के अलग प्रकरण दर्ज नही होकर एक ही प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी ।
महिपाल सिंह शिशोदिया वृतनिरीक्षक नाथद्वारा ।





No comments:
Post a Comment