सीकर. बीएड के दो व चार वर्षीय कोर्स की फीस जमा कराने के लिए सैकड़ों विद्यार्थी लगातार तीसरे दिन परेशान होते रहे। शुक्रवार को अनेक विद्यार्थी सुबह पांच बजे ही चालान जमा करवाने पहुंच गए, लेकिन कतार की कोई व्यवस्था नहीं होने से हर किसी को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन रोड स्थित आइसीआइसीआइ बैंक के बाहर लगी कतार सड़क तक पहुंच गई। चालान जमा करवाने आए छात्र मुकेश ने बताया कि वह सुबह पांच बजे ही वहां पहुंच गया था। बैंक खुलने के बाद भी करीब सवा घंटे बाद उसका नंबर आया। छात्राओं के लिए भी अलग से कोई कतार नहीं थी। इस कारण परेशानी ज्यादा रही। छात्रा पूजा ने बताया कि विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर लगाए जाने चाहिए थे। इधर छात्र संगठन एनएसयूआइ के पूर्व जिलाध्यक्ष तनसुख ओला के नेतृत्व में बीएड अभ्यार्थियों ने बैंक के सामने नारेबाजी कर बैंक कर्मचारियों के खिलाफ विरोध जताया। लगातार तीन दिन से राजस्थान के अन्य जिलों व सीकर के सभी तहसीलों से आए विद्यार्थी व अभिभावकों को बैंकों की अव्यवस्था व शाखाओं की कमी की वजह से परेशानी हो रही है। अभ्यार्थियों ने सीकर जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया। जिसमें बताया कि सभी बैंकों को चालान जमा करने की सुविधा होनी चाहिए ताकि विद्यार्थियों को असुविधा ना हो।
बस स्टैण्ड पर लगा बेरोजगारों का मेला
सीकर. पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के एक दिन पहले शुक्रवार को रोडवेज डिपो में युवाओं का जमघट रहा। पुलिस मुख्यालय की ओर से डिपो प्रशासन को मिले लिखित निर्देश के अनुसार परीक्षा में भाग लेने के लिए सीकर जिले से दो दिन के दौरान एक लाख से ज्यादा परीक्षार्थी जाएंगे। प्रदेश के दूसरे जिलों से २३ हजार से ज्यादा परीक्षार्थी आएंगे। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सीकर डिपो की ओर से देर शाम तक २७ अतिरिक्त बसें चलाई गई। आमतौर पर ६३ फीसदी रहने वाला यात्रीभार १०० फीसदी तक पहुंच गया। अनुमान है कि दो दिन में डिपो की ओर से पचास से ज्यादा अतिरिक्त बसों का संचालन होगा।
बस लगते ही फु ल
युवाओं की संख्या का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि प्लेटफार्म पर बस लगते ही फुल हो रही थी। प्रबंधक संचालन विक्रम सिंह के अनुसार शेखावाटी में सबसे अधिक सीकर जिले के परीक्षार्थी दूसरे जिलों में जाएंगे और सीकर में दूसरे जिले से आएंगे। झुंझुनूं से ९१ हजार व चूरू से ५० हजार परीक्षार्थी जाएंगे। वहीं झुंझुनूं में १६ हजार और चूरू में महज साढे चार हजार परीक्षार्थी आएंगे। इसमें अन्य राज्यों के जिलो के ८० हजार से ज्यादा परीक्षार्थी भाग हैं।





No comments:
Post a Comment