बांदीकुई. भरतपुर - बांदीकुई रेल मार्ग पर पंचमुखी पुलिया के समीप एक विवाहिता ने बुधवार सुबह ट्रेन के आगे कूद कर इहलीला समाप्त कर ली। सूचना पर बसवा थाना पुलिस एवं बांदीकुई थाना प्रभारी कर्णसिंह राठौड़ ने मय जाब्ते के मौके पर पहुंच घटना का जायजा लिया। जहां चिकित्सालय में शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस सम्बंध में मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त कर ट्रेन के आगे डालकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार सुबह आगरा-अजमेर इण्टरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के सामने आशा देवी सैनी (20)पत्नी पवन कुमार ने छलांग लगा दी। इससे शव क्षत-विक्षत हो गया। कहीं सिर दूर जाकर गिरा तो कहीं हाथ पैर कट कर अलग हो गए। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को चिकित्सालय ले आई। जहां पीहर एवं ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंच गए। शव को देख महिलाएं बिलख पड़ी। इससे माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। हर कोई पीडि़त परिवार को ढांढ़स बंधाते दिखाई दिया। इसी बीच पुलिस वृताधिकारी नवाब खां ने भी चिकित्सालय पहुंच परिजनों से मामले की जानकारी ली।
मृतका के पिता मोहनलाल सैनी निवासी सकट नारायणपुर ने बताया कि उसने पुत्री आशा देवी का विवाह गत 6 मार्च 2018 को पंचमुखी पण्डितपुरा निवासी भागचंद सैनी के साथ किया था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताडि़त करते आ रहे हैं। गत 1 जुलाई को भी पुत्री आशा ने मोबाइल से फोन करके प्रताडि़त किए जाने की सूचना दी थी। इस पर मेरी पत्नी, बेटा एवं मां ने बेटी के सुसराल पहुंचकर समझाइश भी की तो ससुराल पक्ष के लोगों ने रुपए की मांग की। उसकी पुत्री आशा के पति पवन कुमार, ससुर भागचंद सैनी, सास छोटी देवी, ननद पूनम एवं देवर पंकज कुमार ने मिलकर दहेज की मांग करते हुए ट्रेन के आगे डालकर हत्या कर दी।






No comments:
Post a Comment