Breaking News
recent

पन्द्रह दिन बाद बादलों ने गाया राग मल्हार


बीकानेर. आषाढ़ का आगाज बारिश के साथ हुआ और अब पन्द्रह दिन तपने के बाद शुक्रवार को फिर बादल जमकर बरसे। इस बीच भीषण गर्मी, उमस और आंधी ने लोगों को परेशान किया। हर रोज आसमान से पानी बरसने की उम्मीद से ताकते लोगों को शाम करीब ५ बजे बारिश की उम्मीद बंधी, जब उत्तर-पूर्व दिशा में आसमान में बादल उठते नजर आए।

तेज हवा के बाद शाम करीब ६ बजे बादलों ने बरसना शुरू किया। कभी तेज तो कभी बूंदाबांदी का दौर रात ९ बजे के बाद तक चलता रहा। मौसम विभाग ने ६ बजे से ८ बजे तक २३.५ मिमी बारिश दर्ज की। इसके साथ ही जिलेभर से बारिश होने के समाचार मिले है बादलों की आवाजाही और बिजली चमकने के बीच शहर में कही तेज बारिश हुई तो कही कम। बच्चों से बुजुर्गों तक ने बारिश के पानी में नहाने का आनन्द लिया। बारिश के बाद चाट-पकौड़ी और फास्ट फूड की दुकानों और ठेले गाड़ों पर खाने-पीने के शौकीनों की भीड़ जुटी।

 

सड़कों पर पानी-पानी
बारिश के पानी की निकासी सुचारू नहीं होने से बरसात का पानी शहर के कई मार्गों और सड़कों पर जमा हो गया। सूरसागर, गिन्नाणी, गजनेर रोड सहित कई स्थानों पर सड़कों पर से वाहनों तक का गुजरना मुश्किल हो गया। कचरे और गंदगी से अटे पडे़ नाले ओवर-फ्लो हो गए और गंदगी भी सड़क पर आ गई। लोगों को इससे परेशानी हुई।

 

चमकी बिजली

बीकानेर में शुक्रवार रात बरसात के दौरान आसमान में तेज गर्जना के साथ बार-बार बिजली चमकती रही। इस दौरान आसमान में बिजली चमकने की चमकीली रोशनी का शानदार नजारा देखने को मिला।

गर्मी से मिली शहरवासियों को राहत
दिन भर तपिश से परेशान शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। बच्चे सड़को पर भरे पानी में मस्ती करते नजर आये। कुछ शहरवासियों ने साइकिल पर बारिश के दौरान घूमने का लुत्फ़ भी उठाया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.