Breaking News
recent

बजरी माफिया ने किया एएसआई को कुचलने का प्रयास

दौसा. लालसोट. सर्वोच्च न्यायालय की रोक के बावजूद क्षेत्र में होने वाले अवैध बजरी खनन व परिवहन को लेकर सक्रिय बजरी माफिया बेलगाम हो गया है। बुधवार रात को लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर बिलौणा कलां में पुलिस गश्त नाके पर सवाईमाधोपुर की बनास नदी से बजरी भर कर आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली के चालकों को रोकने का इशारा किया तो ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने एक एएसआई को टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। इससे एएसआई घायल हो गया।

 

पुलिस सम्भली तब तक बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। एएसआई रामसिंह गुर्जर को लालसोट अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन बाद में उसे जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। पुलिस के साथ खनिज विभाग की टीम भी थी, लेकिन वह कुछ दूरी पर होने से वारदात का शीघ्र पता नहीं चल पाया।


इधर, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने मण्डावरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कर कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। एसपी ने बताया कि घायल एएसआई रामसिंह गुर्जर को पुलिस वेलफेयर फण्ड से इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।


पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात एएसआई रामसिंह गुर्जर जाप्ते को लेकर खनिज विभाग की टीम के साथ बुधवार शाम को बनास नदी से बजरी से भरकर आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मण्डावरी पुलिस थाना इलाके के बिलौनाकलां नाके पर तैनात हो गए। बुधवार रात करीब एक बजेे बजरी से भरकर चार टै्रक्टर-ट्रॉली एक साथ आते दिखाई दिए।

 

इस पर पुलिस ने इनको रोकने का प्रयास किया तो तीन ट्रैक्टर तो आगे निकल गए, लेकिन चौथे चालक ने एएसआई पर टैक्ट्रर-ट्रॉली चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। इससे एएसआई को काफी चोटें आई। सूचना पर मण्डावरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच टोल नाका व अन्य स्थानों पर तलाश भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।

 

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना के बाद गुरुवार दोपहर बिलौणा कलां नांके पर लालसोट पुलिस सीओ मोहनलाल, लालसोट एसएचओ राजेन्द्र मीना एवं मंडावरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भी पहुंचे और घटना स्थल का मौका मुआयना कर क्षेत्र में बजरी परिवहन को रोकने के पुख्ता प्रयासों पर चर्चा की। इधर गुरुवार शाम एएसपी सुरेन्द्र सिंह भी लालसोट पुलिस थाने पर पहुंचे और घटना के बारे में चर्चा करने के बाद क्षेत्र में बजरी परिवहन को पूरी तरह रोकने के भी निर्देश दिए। एएसआई के दुघर्टना की सूचना मिलते ही दौसा पुलिस उपाधीक्षक जीवप्रकाश जोशी, कोतवाली थाना प्रभारी नरेश मीना जिला अस्पताल पहुंचे।

 

अब तक छह जिंदगियां लील चुका बजरी माफिया

बनास नदी में अवैध रूप से खनन होकर वाहनों में ओवरलोड बजरी भर कर लाने वाले वाहनों से जिले में एक के बाद एक कई हादसे हो चुके हैं।
केस-1. 21 मार्च 2018 को लालसोट कस्बे में हेला ख्याल दंगल देखकर जाते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक पर चढ़ गई थी, इसमें एक ही परिवार के पाच जनों की मौत हो गई थी।
केस-2. जून 2018 में बांदीकुई के बालाहेड़ा गांव में भी बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार एक जना मौत के मुंह में चला गया। इनके अलावा भी कई हादसे हो चुके हैं।

बजरी माफिया ने किया एएसआई को कुचलने का प्रयासबजरी माफिया ने किया एएसआई को कुचलने का प्रयास

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.