बूंदी. स्काउटिंग अनुशासन निर्माण की ऐसी राह है जहां पर शुरुआत से ही सु नागरिक बनाने का कार्य किया जाता है। यह कहना है बूंदी विधायक अशोक डोगरा का। डोगरा शनिवार को राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय के तत्वावधान में आयोजित प्रथम जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल को खेल भावना और अनुशासन से खेलते हैं तो सहयोग और आत्मसम्मान के साथ आगे बढऩे के अवसर भी उन्हें मिलते हैं। बूंदी स्काउटिंग की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियों के सक्रिय आयोजन को विधायक ने सराहनीय बताया।
मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण के साथ जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के उद्घाटन की घोषणा की। खिलाडिय़ों को स्काउट व खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सभापति महावीर मोदी थे। उन्होंने स्काउट के आयोजन को अभिनव प्रयास बताते हुए आयोजनों की प्रशंसा की। स्काउट मंडल प्रधान चतुर्भुज महावर ने गतिविधियों की जानकारी दी। स्थानीय संघ उपप्रधान एस.एल. नागौरी ने इसे जीवनोपयोगी गतिविधि बताया। मंडल प्रशिक्षण आयुक्त देवी सिंह सैनानी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। सीओ स्काउट गिरिराज गर्ग ने प्रतियोगिता प्रतिवेदन रखा। उन्होंने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र में ही स्काउट गाइड की गतिविधियों से जुडऩा चाहिए। ताकि बच्चों में अनुशासन, सेवा की भावना जन्म ले सके। स्काउट ग्रुप गाइड कम्पनी ने गार्ड ऑफ ऑनर जनरल सैल्यूट से अतिथियों का अभिनंदन किया। हायर सैकण्डरी स्कूल की प्राचार्य ज्योति शर्मा, गाइड कैप्टन सावित्री शर्मा व सरोज दुबे के नेतृत्व में अतिथियों को तिलक कुमकुम लगाया और स्कार्फ पहनाया। प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर स्काउट ओमप्रकाश गोस्वामी ने आभार व्यक्त किया। प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर गाइड दुर्दाना कुरैशी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया। संचालन ट्रेनिंग काउंसलर सर्वेश तिवारी व भूपेंद्र शर्मा ने किया।





No comments:
Post a Comment