झल्लारा . झल्लारा थाना क्षेत्र के झड़ाप गांव में रविवार सुबह एनिकट में डूबने से किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन घायल हो गई। पूर्व सरपंच केशाराम मीणा ने बताया कि झड़ाप निवासी मनीषा (8) पुत्री कालूलाल मीणा व उसकी चचेरी बहन सुन्नी (10) पुत्री केशा मीणा गांव के पास कालिका माता मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जा रही थी। रास्ते में दोनों एनिकट देखने रुकी। अचानक मनीषा का पैर फिसल गया और वह एनिकट में जा गिरी। उसे बचाने के चक्कर में सुन्नी भी एनिकट में कूद गई लेकिन पानी गहरा होने से दोनों डूब गई। कुछ ही दूरी पर काम कर रहे वन विभाग के कर्मचारी दौड़ कर मौके पर पहुंचे। इधर, कालिका माता मंदिर कार्यक्रम में जाने वाले ग्रामीणों ने भी काफी तलाश की लेकिन उनका पता नहीं लगा। बाद में सर्च ऑपरेशन किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर भबराना पीएचसी पहुंचाया गया, जहां सुन्नी का इलाज किया गया, वहीं मनीषा को सलूम्बर रैफर किया गया, लेकिन सलूम्बर पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कई ग्रामीण व परिजन अस्पताल पहुंचे। नायब तहसीलदार गिरिजाशंकर चौबीसा के निर्देशन में पटवारी मदनलाल ने घटनाक्रम की जानकारी ली व मौका पर्चा बनाया। सूचना पर एएसआई माणकलाल भी अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
पिता करते रहे विलाप
मनीषा के पिता अहमदाबाद में मजदूरी करते हंै। वे रविवार सुबह ही गुजरात से आए थे। सोमवार को बच्ची को स्कूल में प्रवेश दिलाना था। इसके लिए वे पाठ्य सामग्री साथ में लेकर आए थे। पुत्री की मौत पर पिता विलाप करते रहे। जिन्हें ग्रामीणों ने ढांढस बंधाया।
READ MORE : घर से फरार होने वाली नाबालिगों की दर्द भरी दास्तां! प्रेमी सलाखों के पीछे, खुद यहां ऐसा जीवन जीने को मजबूर
इधर, कुएं में डूबने से युवक की मौत
गोगुंदा. सायरा थाना क्षेत्र के पालछ गांव में कुएं में पैर फिसलने से युवक डूब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पालछ निवासी अर्जुनसिंह व उसका बड़ा भाई खेत पर काम कर रहे थे। बड़ा भाई घर चला गया व युवक कुएं पर नहाने गया। अचानक पैर फिसलने से कुएं में जा गिरा। देर रात्रि तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन पहुंचे तो चप्पल खेत के बाहर दिखाई दी। कुएं का पानी खाली करवा शव निकाला गया।





No comments:
Post a Comment