Breaking News
recent

झुंझुनूं जेल में दीवार के ऊपर से पहुंच रहे हैं मोबाइल

झुंझुनूं. झुंझुनूं जेल में अपराधियों के पास आसानी से मोबाइल पहुंच रहे हैं। मोबाइल मंडी के पास स्थित दीवार की तरफ से फैंके जा रहे हैं। गुरुवार को किसी ने चार मोबाइल फैंके तो प्रहरी की नजर पड़ गई। बाद में शहर कोतवाली में इसका मामला दर्ज करवाया गया है।अभी तक पता नहीं चल पाया है कि जेल में मोबाइल किसने फैंके थे। लेकिन इससे साफ जाहिर है कि अपराधियों को मोबाइल व अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी संभवत: जेल में मंडी की तरफ से फैंकी जा रही है। इसमें किसी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका सेभी इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस करेगी मोबाइलों की जांच
पुलिस के अनुसार मोबाइल शाम के समय फैंके गए। इन मोबाइलों को इस तरह से पैक कर अंदर फैंका कि मोबाइल का ऊपर से गिरने के बाद भी नुकसान नहीं हो। लेकिन मोबाइलों का बंडल दीवार के पास गिरने से आवाज संतरी तक पहुंच गई। उसने मोबाइल उठाकर जेल अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस सम्बंध में जेल प्रहरी सुरेन्द्र सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाईगई है। पुलिस ने चारों मोबाइल जब्त कर लिए हैं। पुलिस उनकी खरीद और अब तक काम ली गई सिम की जानकारी एकत्र करेगी। इसके बाद ही मोबाइल फैंकने वाले का पता चल पाएगा।

सर्च ऑपरेशन में मिले थे १३ मोबाइल व सिम
झुंझुनूं जेल अपराधियों के मोबाइल पर बात करने को लेकर पहले से बदनाम है। दो माह पहले ही मुख्यालय के आदेश पर पुलिस और एसओजी की टीम ने जेल में संयुक्त सर्च अभियान चलाया। उस दौरान जेल से १३ मोबाइल व सिम बरामद की गई थी। कार्रवाई के दौरान खास बात यह रही कि जेल में सर्च करने के बाद पुलिस टीम वापस आ गई। इसके बाद भी जेल में मोबाइल चालू होने की जानकारी मिली। बाद में दोबारा जेल में सर्च अभियान चलाया गया।

परिजनों से लेकर अपराधियों तक बात
जेल में दो माह पहले १३ मोबाइल की पुलिस ने सीडीआर निकलवा ली है। जांच में सामने आया है कि जेल में बंद अपराधी मोबाइल के माध्यम से अपने परिजनों के साथ अपराधियों के भी लगातार सम्पर्क में थे। इनमें से कई मोबाइल तो कई माह से जेल में चल रहे थे। हालांकि इस मामले में पुलिस ने अभी तक जेल में मोबाइल पहुंचाने वालों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है।


इनका कहना है..
रोक-टोक नहीं होने पर मंडी परिसर की ओर तरफ से कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से ऐसा किया जाता है। हालांकि जेल प्रहरी की सजगता के चलते मोबाइल जब्त किए जाते हैं।
मोइनुदीन पठान, जेल अधीक्षक झुंझुनूं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.