झालावाड़. जिले में पिछले पांच दिन से इन्द्रदेव जोरदार बरस रहे हैं। जिले में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। सोमवार को सुबह से हो रही बारिश से खेतों में पानी भर गया तो नदी, नालों में जोरदार पानी की आवक हुई। तालाबों व बांधों का जलस्तर भी बढ़ गया है। कई छोटे तालाब जो चार दिन पहले पूरे खाली नजर आ रहे थे, वह अब भरे हुए नजर आ रहे हैं। जिले के खानपुर क्षेत्र में हरिगढ़ तालाब पर चादर चल गई है। वहीं शहर में कॉलोनियों में ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने से गायत्री कॉलोनी, बालजी की छतरी के निकट सरकारी कॉलोनी, धनवाड़ा बस्ती सहित कई नीचले क्षेत्रों में पानी भरा गया, इससे कॉलोनियों के लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। जिले में सोमवार सुबह 9 बजे से ही जोरदार बारिश हो रही है। सोमवार को जिलेभर में 437 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
गत वर्ष से 140.55 एमएम अधिक
जिले में वर्ष 2017 में 23 जुलाई तक औसत बारिश 321.13 एमएम दर्ज की गई थी। वहीं इस वर्ष अभी तक 461.68 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सोमवार को सबसे ज्यादा बारिश मनोहरथाना क्षेत्र में 89 एमएम दर्ज की गई। लगातार बारिश की झड़ी से मनोहरथाना के बाजारों में पानी भर गया। तो कई नदियों में जोरदार पानी की आवक हो रही है। छापी बांध भी छलकने को तैयार है।
कॉलोनी में भरा पानी, नहीं आ रही स्कूल बस
शहर में बालजी की छतरी के निकट सरकारी कॉलोनी में बारिश का पानी भरा होने से कॉलोनी के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां मुख्य दरवाजे सहित परिसर में पानी भरा होने से स्कूल बस भी नहीं आ पा रही है। कॉलोनी की दीपा कश्यप, मंजू, नीता चतुर्वेदी, आशा शर्मा, भुवनेश शर्मा, लक्ष्मी मीणा, आशा लोधा, कल्पना, नीतू आचार्य, वेदैही सहित कई महिलाओं ने बताया कि पांच दिन से कॉलोनी में आने-जाने में परेशानी आ रही है। उर्वशी लोधा ने बताया कि वह फिजिक्स की कोचिंग जा रही थी, लेकिन कॉलोनी में भरे हुए पानी में उसकी स्कूटी में पानी भर गया इससे बीच में ही बंद होकर रूक गई। इससे उसकी कोचिंग का समय ही निकल गया। यहां प्रशासन द्वारा सड़क तो बना दी गईहै। लेकिन नगर परिषद से ड्रेनेज सिस्टम नहीं रखने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गायत्री कॉलोनी बनी तलैया, पानी ही पानी
शहर की गायत्री कॉलोनी में भी नालियां जाम है। ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने से चारों ओर पानी भरा हुआ है। चंदाबाई ने बताया कि जब से बारिश हुई है। तभी से कॉलोनी में पानी भरा हुआ है। मच्छर के मारे परेशान हो रहे हैं। लेकिन प्रशासन ने पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की है। तो कालीदास कॉलानी के कमलकांत मित्तल ने बताया कि कॉलोनी में बारिश के पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण लोगों को घरों के बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यहां इतनी हुई बारिश
झालावाड़ : 58
अकलेरा : 17
सुनेल : 23
खानपुर : 30
डग : 65
पचपहाड़ : 19
पिड़ावा: 23
बकानी: 30
असनावार: 61
झालरापाटन : 43
मनोहरथाना : 89
कालीसिंध बांध : 38
(सोमवार सुबह 8 से 5 बजे तक हुई बारिश एमएम में)
झालावाड़. शहर में कई कॉलोनियों में बारिश के पानी की उचित निकासी नहीं होने की खबर पत्रिका में प्रकाशन के बाद सोमवार को नगर परिषद की टीम हरकत में आई और टीम ने शहर का जायजा लिया। सभापति मनीष शुक्ला ने कनिष्ठ अभियन्ता भावेश रजत व सफाई निरीक्षक वेदराम चौधरी के साथ विभिन्न स्थानों को देखा व समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई जगहों पर जे.सी.बी. द्वारा कच्ची नाली बनाकर पानी भराव की समस्या का निराकरण किया गया। उन्होने बताया कि शहर के अधिकांश वार्डो में सिवरेज एवं जलदाय विभाग का कार्य जारी है इसकी वजह से शहर में जगह जगह गड्डे हो रहे है। इसमें भी पानी भरने की समस्या आती है।





No comments:
Post a Comment