पांचू . पांचू थाने में बुधवार को एक युवती के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने व फोटो लगाकर उस पर अश्लील टिप्पणी करने का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के मुताबिक काहिरा गांव की युवती ने रिपोर्ट में बताया कि उसके गांव के पप्पूराम जाट व राजूराम, माडपुरा निवासी रामचंद्र और केड़ली निवासी चंपालाल कस्वां ने फेसबुक पर उसके नाम से पहले तो दो फर्जी अकाउंट बनाए। बाद में उसकी फोटो लगाकर नीचे अश्लील टिप्पण्ी कर उसे बदनाम कर रहे हैं।
रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया से उसकी फोटो चोरी कर फर्जी अकाउंट बनाया है। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसके पति की तस्वीर लगाकर लिखा कि यह लड़का उसको पसंद नहीं है। वह दूसरी शादी करना चाहती है। उसके नीचे प्रार्थी के भाई के मोबाइल नंबर भी लिख दिए। अब आरोपी उसे उठाकर ले जाने व जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। साथ ही उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा ४२०,३५४ डी, ६७ आईटी एक्ट में दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसएचओ मनोज शर्मा को सौंपी है।
तेज आवाज में टेप बजाने पर गिरफ्तार
नोखा. टैक्सी में तेज आवाज में गाने बजाने परचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बागड़ी अस्पताल के सामने बुधवार को रोड़ा निवासी चतुर्भुज आचार्य टैक्सी में तेज आवाज में गाने बजा रहा था। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डेक जब्त कर लिया।
गंदे पानी की आपूर्ति
देशनोक. कस्बे में गंदा पानी सप्लाई में देने की शिकायत की गई है। हरिजन बस्ती में पिछले दो दिनों से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। यहां के लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से पेयजल सप्लाई में पानी मटमैला और गंदा है इसमें बदबू आ रही है। यह पानी पीने लायक नहीं है।





No comments:
Post a Comment