करौली/सवाईमाधोपुर.
करौली जिले के गुर्जा एवं सवाईमाधोपुर जिले के गांव मठ के लोगों के बीच सीमा को लेकर बढ़े तनाव को प्रशासन ने समझाइश कर फिलहाल शांत करा दिया। दोनों गांवों के लोग चारागाह भूमि को लेकर आमने-सामने हो गए, जिसके कारण काफी समय से गांव की सीमा को लेकर तनाव बना था।
करौली जिले का प्रशासन मय पुलिस जाप्ते के पहुंचा। वहीं गंगापुरसिटी से भी पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और लोगों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया। तहसीलदार गौरीशंकर शर्मा ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले की वजीरपुर तहसील के गांव मठ एवं करौली तहसील के गांव गुर्जा के लोगों में सीमा को लेकर विवाद था। मठ गांव के लोग इस जमीन का उपयोग श्मशान के लिए करते हैं। वहीं गुर्जा गांव के लोग इसे चरागाह के रूप में काम में ले रहे हैं। मठ गांव के लोगों का कहना था कि श्मशान की भूमि सिर्फ हमारी है। इस को लेकर दोनों गांवों के लोग आमने-सामने हो गए।
विवाद सामने आने पर दोनों जिलों के पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुुंचे और नक्शा वगैरह देखा। मठ गांव के नक्शे में गांव की फाइनल सीमा नहीं थी। वहीं जमीन पर पूर्व में लगाए गए सीमा के प्वाइंट भी नहीं मिले। ऐसे में सीमा मिलान नहीं हो सका। दोनों गांवों के लोग एवं अधिकारियों की मौजूदगी में इस विवाद का हल सेटलमेंट से कराने पर सहमति बनी। इसके बाद प्रशासन ने दोनों गांवों के लोगों को शांति रखने, पशुओं को चरने देने और किसी भी तरह का निर्माण नहीं करने के लिए पाबंद किया। तहसीलदार ने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट जिला कलक्टर को भेजी जाएगी। इस दौरान सदर थाना प्रभारी युधिष्ठिर सिंह आदि मौजूद थे।
.....
बिजली कटौती बनी परेशानी
सूरौठ. क्षेत्र के गांवों में बिजली कटौती लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बाईजट्ट गांव निवासी शेरसिंह व जीवाराम ने बताया कि बीते तीन दिन से लगातार बिजली कटौती होने से लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल हो रहा है।





No comments:
Post a Comment