राजसमंद। राजसमंद जिले के पुनावली उच्च प्राथमिक विद्यालय में पोषाहार और दूध से 41 बच्चे बीमार हो गए। उन्हें ग्रामीणों ने अपने स्तर पर वाहनों की व्यवस्था कर आर के जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलते ही पंचायत समिति के विकास अधिकारी शिक्षा अधिकारी और कई प्रशासनिक अधिकारी पहले स्कूल पहुंचे और उसके बाद जिला अस्पताल में जाकर व्यवस्थाओं को संभाला।
बताया गया कि बच्चों ने सुबह पोषाहार खाया और हाल ही में शुरू की गई निशुल्क दूध योजना के तहत दूध भी पिया। आशंका है कि दूध की खराब गुणवत्ता के कारण बच्चे बीमार हुए। जिला अस्पताल में सभी बच्चों का उपचार चल रहा है तथा सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुबह दूध पीते ही बच्चों ने जी घबराने और उल्टी की शिकायत की। इस पर विद्यालय के शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दोपहर 2:00 बजे तक अस्पताल में 41 बच्चों को भर्ती कराया जा चुका है। अभी कुछ और बीमार बच्चों के अस्पताल लाए जाने की सूचना है। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए।
इधर कई अभिभावकों ने पोषाहार और दुग्ध योजना की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े किए बच्चों के बीमार होने को लेकर उन में भारी नाराजगी देखी गई। दोपहर में उपखंड अधिकारी राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल भी हालात का जायजा लेने पहुंचे।
गौरतलब है कि राजस्थान सरकार ने सरकारी स्कूलों और मदरसों में पढऩे वाले करीब 62 लाख बच्चों के लिए अन्नपूर्णा दूध योजना शुरू की है। जिसके अन्तर्गत 8वीं क्लास तक के सभी स्कूलों और मदरसों में पढऩे वाले हर बच्चे को सप्ताह में तीन दिन ताजा, शुद्ध और पौष्टिक गर्म दूध मिलेगा।
सीएम राजे ने इसका शुभारम्भ कर कहा था कि प्रदेश के स्कूलों और मदरसों में पढऩे वाले करीब 62 लाख बच्चों के लिए सरकार ने अन्नपूर्णा दूध योजना शुरू की है। जब ये बच्चे मिड-डे मील के साथ दूध पीकर स्वस्थ बनेंगे, तो हमारा आने वाला कल बेहतर होगा।





No comments:
Post a Comment