चित्तौडग़ढ़. केन्द्र की भाजपा सरकार ने चार साल में देश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया। भाजपा हथेली में सरसों उगाना चाहती है। भाजपा सरकार चार साल में लोकपाल की नियुक्ति तक नहीं कर सकी। ये बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सीपी जोशी ने सोमवार शाम उदयपुर मार्ग स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में कही। उन्होंने दावा किया कि इस बार केन्द्र में कोई भी सरकार बनेगी, वो कांग्रेस के समर्थन से ही बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों का दिल जीतने में विफल रही है। जोशी ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए राफेल का सौदा किया है।जोशी ने कहा कि कल तक आधार कार्ड लागू करने का नरेन्द्र मोदी विरोध कर रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद खुद उन्होंने ही आधारकार्ड की अनिवार्यता कर दी। यह सोच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह की थी। नीति बनाकर देश का विकास सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है।
चित्तौड़ में एक ही चेहरा क्यों
संवाद कार्यक्रम में एक कार्यकर्ता ने सीपी जोशी से सवाल किया कि चित्तौडग़ढ़ में विधायक पद के लिए लंबे समय से एक ही चेहरे को पेश किया जा रहा है, इसलिए युवाओं को मौका नहीं मिल रहा है। इसके जवाब में जोशी ने कहा कि हर घर में बुजुर्ग होते हैं। घृणा और प्यार के बीच लाइन बहुत पतली होती है। जोशी ने खुद का उदाहरण दिया कि उन्होंने पार्टी को कभी नहीं कहा कि उन्हें सांसद और मंत्री बनाया जाए, फिर भी पार्टी ने बहुत कुछ दिया है। कांग्रेस में युवाओं को पूरी तरजीह दी जाती है।
मैं तुलसीदास बनकर चंदन घिस रहा हूं
पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदयाल शर्र्मा ने खुद को तुलसीदास बताते हुए कहा कि वे चंदन घिस रहे हैं। उन्होंने कहा कि चित्तौड़ में डबल स्टैण्डर्ड के नेता बहुत घूमते हैं। कोहनी के शहद लगाने वालों को नेता नहीं का जा सकता। उन्होंने जोशी की तुलना टाईगर से करते हुए कहा कि अब टाईगर आ गया है, इसलिए प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।
ऐसे व्यक्ति को मत देना आशीर्वाद
शर्मा ने मंच के जरिए जोशी से कहा कि वे ऐसे व्यक्ति को आशीर्वाद नहीं दें, जिस तरह से भगवान शिव ने रावण को आशीर्वाद दे दिया था। आशीर्वाद राम जैसे लोगों को दें। मावली के पूर्व विधायक पुष्कर डांगी ने कहा कि जोशी के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लाएं। कार्यक्रम में राजसमंद के कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवकीनन्दन गुर्जर ने भी विचार व्यक्त किए।
वाहन रैली, किया स्वागत
इससे पूर्व जोशी का राशमी चौराहा, माताजी की पाण्डोली, कपासन चौराहा, कीरखेड़ा चौराहा, सेंती, कलक्ट्रेट चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कलक्ट्रेट चौराहे पर आतिशबाजी की गई। जोशी को नरपत की खेड़ी पुलिया से वाहन रैली के रूप में रिसोर्ट तक लाया गया। इस दौरान कपासन प्रधान भैरूलाल चौधरी, बड़ीसादड़ी पालिकाध्यक्ष दिलीप चौधरी, हनुमंतसिंह बोहेड़ा, मनोहरलाल आंजना, ओमप्रकाश ओझा, विश्व विजयसिंह, वीरेन्द्र वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment