Breaking News
recent

मुंबई के इस भामाशाह ने विद्यार्थियों को दी पाठ्यपुस्तकें

जैसलमेर . पोकरण क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलिया में सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र छात्राओं को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। मुंबई के भामाशाह व उद्योगपति नरेन्द्र कच्छवाहा की ओर से कक्षा 11वीं के छात्र छात्राओं के लिए पाठ्य व अभ्यास पुस्तकें उपलब्ध करवाई गई है। सोमवार को नगरपालिका उपाध्यक्ष शिवप्रताप माली, पार्षद खेताराम माली, एसडीएमसी अध्यक्ष आईदान, समाजसेवी हंसराज सोलंकी व जितेन्द्र माली की उपस्थिति में छात्र छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य व अभ्यास पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। प्रधानाचार्य दिनेशकुमार शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम का संचालन अनिल शर्मा ने किया।

मकान में घुसकर नकदी व चांदी के सिक्के चुराए
पोकरण. कस्बे में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर चोरी की वारदात की तथा दो-तीन अन्य घरों में भी घुसने के प्रयास किए, लेकिन लोगों की जाग हो जाने से चोर फरार हो गए। रात्रि में चोरों के घरों में घुसने को लेकर सोमवार को दिन भर कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। छंगाणियों की गली में मध्यरात्रि बाद शंभूदान चारण के घर में अज्ञात चोर घुसे तथा उसके कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर अलमारी का सामान बिखेर दिया। अलमारी में रखे 1500 रुपए नकद व तीन-चार चांदी के सिक्के चुराकर पास ही स्थित जगदीशचंद्र छंगाणी के घर की छत पर चढ़े, लेकिन यहां सो रहे परिवार के लोगों ने उन्हें देख लिया तथा चिल्लाने पर वे भाग गए। मोहल्लेवासियों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। देर रात मंगलपुरा मोहल्ले में भी ऐसे ही नकाबपोश दो युवकों ने एक घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन घर वालों के अचानक नींद से उठकर हो-हल्ला कर देने के कारण यहां से भी अज्ञात चोर भाग गए। रात्रि में ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस थाने में आकर दी। पुलिस ने भी इधर उधर तलाश की, लेकिन अज्ञात चोरों का कहीं अता पता नहीं लगा। इस संबंध में सोमवार शाम तक भी पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.