दौसा. जिला कलक्टर कक्ष में मंगलवार को आयोजित मुख्यमंत्री विद्युत सुधार अभियान की बैठक में विद्युत निगम के एक कनिष्ठ अभियंता को जींस-टीशर्ट पहना देख जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा भड़क गए। जिला कलक्टर ने विद्युत निगम की सतर्कता शाखा के कनिष्ठ अभियंता मुकेश कुमार मीना को निर्देश दिए कि वह अभी घर जाकर टीशर्ट की जगह सादा शर्ट पहन कर वापस आएं।
इस पर कनिष्ठ अभियंता मीटिंग बीच में ही छोड़कर शर्ट पहनकर वापस आया, लेकिन तब तक बैठक समाप्त हो गई। यही नहीं जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को भविष्य में कार्यालय में जींस व टी-शर्ट की जगह डे्रस कोड में ही आने की हिदायत दी।
इधर, जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री विद्युत सुधार अभियान की बैठक में डिस्कॉम के सभी क्षेत्रीय अधिकारी, कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों एवं आमजन का सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित अधिकारी आवंटित फीडरों का निरीक्षण कर विद्युत छीजत को 15 प्रतिशत तक लाएं। उन्होंने जिले में 43 स्कूलों के पोंलिंग बूथों पर बकाया विद्युत कनेक्शनों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में डीडीयूजीजेवाई के बकाया विद्युत कनेक्शनों को समय पर पूर्ण करवाएं। बैठक में अधीक्षण अभियंता एनएस गौरासिया, अधिशासी अभियंता वीके अग्रवाल, अधिशाषी अभियन्ता बांदीकुई, पुलिस उपाधीक्षक जीवप्रकाश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विश्व जनसंख्या दिवस कार्यक्रम पर होगा सम्मान
दौसा. विश्व जनसंख्या दिवस बुधवार सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. रामफल मीना ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शंकरलाल शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि जिला कलक्टर नरेश कुमार शर्मा होंगे। समारोह में परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य मेला भी लगाया जाएगा।
नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज
नांगल राजावतान. नाबालिग से दुष्कर्म करने का मामला मंगलवार को थाने में पीडि़ता की मां ने दर्ज कराया है। थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पीडि़ता की मां ने आरोप लगाया कि 30 जून 2018 को उसकी नाबालिग पुत्री घर पर सो रही थी। तभी पीडि़ता के ताऊ के नाबालिग लड़के ने आकर पुत्री से दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।






No comments:
Post a Comment