Breaking News
recent

छात्रों ने स्कूल दरवाजे पर लगाया ताला, नहीं घुसने दिए अध्यापक

करवर. सहण पंचायत मुख्यालय पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को बरसात का पानी भरने व छतों के टपकने से नाराज छात्रों ने विद्यालय के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया। छात्रों ने अव्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अध्यापकों को भी विद्यालय में नहीं घुसने दिया। जानकारी के अनुसार सहण विद्यालय भवन परिसर छोटा है। क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात से स्कूल की छतें टपक रही है। जिससे कमरों सहित पूरे परिसर में पानी भर गया। कमरों की खिड़कियों से भी पानी आ रहा था। इससे छात्रों के बैठने के लिए सूखी जगह नहीं थी। ऐसे में नाराज छात्रों ने सुबह आठ बजे ही स्कूल के दरवाजे पर ताला लगा दिया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे सरपंच शिवप्रसाद विजयवर्गीय व प्रधानाचार्य की समझाइश पर छात्र मान गए। उन्होंने ताला खोल दिया। विद्यार्थियों का कहना था छते टपकने से उनकी कपड़े व पुस्तके खराब हो रही है, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। इस संबध में कई बार शिक्षकों का भी अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। अभिभावकों का कहना था कि सरकारी स्कूलों की यही स्थिति रही तो बच्चों का नामांकन कैसे बढ़ेगा। कैसे अभिभावक सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को भेजेंगे। नामांकन बढ़ाना है तो सरकारी स्कूलों में भी सुविधाओं का सरकार को ध्यान रखना होगा।
यहां भी भरता है पानी
जरखोदा पंचायत के कलमियां विद्यालय में बुधवार को बरसात का पानी घुस गया। इस कारण विद्यालय परिसर में घुटनों तक पानी जमा हो गया। स्कूल के छात्रों को पानी में होकर ही गुजरना पड़ा है। उधर ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में झीकरा डालने की मांग की थी। लेकिन ग्राम पंचायत प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।
बरसात में छत टपकने से छात्रों के बैठने के लिए जगह नहीं थी, जिससे नाराज होकर छात्रों ने प्रदर्शन किया है। भवन में मरम्मत करवा दी जाएगी।
हरिशंकर खटीक, प्रधानाचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सहण।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.