रेलमगरा. क्षेत्र के गिलूण्ड कस्बे के मुख्य बस स्टैण्ड पर सडक़ किनारे अतिक्रमण करने की इन दिनों होड़ सी लगी हुई है। इसके बावजूद पंचायत और प्रशासन फिलहाल मूकदर्शक बने हुए हैं।
कस्बे के मुख्य बस स्टैण्ड से रेलमगरा एवं कपासन की ओर जाने वाली मुख्य मार्ग किनारे गत तीन दिन से अतिक्रमण करने की होड़ मची हुई है। इसके तहत अतिक्रमी लोहे के केबिन, मिट्टी, ईंट आदि सडक़ किनारे डालते हुए अतिक्रमण कर रहे हैं। बस स्टैण्ड से सटे यहां के तालाब की पाल की मरम्मत के नाम पर करीब डेढ़ सौ फीट लंबी दीवार का निर्माण हाल ही में किया जा रहा है, जिस पर भी अपना हक जमाने के लिए ग्रामीणों की लंबी कतार लगी हुई है। यहां तक की यात्रियों की बैठक व्यवस्था के लिए बने सार्वजनिक चबूतरों पर भी अतिक्रमण किया जा रहा है। निर्माणाधीन पाल पर रातों-रात कब्जा हो जाने की आशंका के मद्देनजर सोमवार को यहां रातभर पुलिस की गश्त रही। इस दौरान भी कुछ लोगों ने अतिक्रमण का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। लेकिन, सुबह से ही अतिक्रमी फिर से अपनी जगह रोकने की होड़ में लग गए।
टेण्ट लगाकर भी रोकी जगह
सडक़ किनारे अतिक्रमण करने की होड़ इतनी जबर्दस्त है कि जगह रोकने की कोई व्यवस्था नहीं होने की दशा में अतिक्रमियों ने मौके पर टेण्ट लगाकर भी जगह रोक ली है। वहीं, कई जगह पत्थरों के खंभे रोपकर लोहे की जालियां लगाकर भी अतिक्रमण कर लिया गया है।
पहले ही संकड़ा है मार्ग
बस स्टैण्ड पर पहले से ही अतिक्रमण की भरमार से मार्ग काफी संकड़ा है। ऐसे में लोगों द्वारा वर्तमान में और किए जा रहे अतिक्रमण से रास्ता किसी गलीनुमा हो जाएगा।
तीन माह पूर्व ही हटाया था अतिक्रमण
कस्बे में अतिक्रमण हटाने को लेकर पंचायत द्वारा गत 14 मार्च 2018 को ही कार्रवाई की गई थी। उस दौरान अतिक्रमियों से फिर से अतिक्रमण नहीं करने के शपथ पत्र भी भरवाए गए थे। इसके बावजूद वर्तमान में उन्ही अतिक्रमियों द्वारा फिर से कब्जे किए जा रहे हैं।
करेंगे कार्रवाई
प्रशासन को अवगत करवाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी।
प्रेमलता सरावगी, सरपंच, ग्राम पंचायत, गिलूण्ड





No comments:
Post a Comment