केलवा. पसूंद गांव में दसवीं में कम अंक आने से आहत छात्रा ने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हैड कांस्टेबल जसवंतसिंह ने बताया कि मकराणा जिला नागौर हाल पसूंद निवासी सपना (14) पुत्री शंकरलाल स्वामी राउमावि पसूंद में कक्षा 11वीं में अध्ययनरत थी। उसके माता-पिता मार्बल फैक्ट्री में मजदूरी पर चले गए। विद्यालय में लंच होने पर घर लौटी छात्रा सपना ने फांसी का फंदा लगा कर लटक गई। घटना के बाद मकान मालिक सोहनलाल लौहार की सूचना पर सपना के पिता शंकरलाल घर पहुंचे। बताया कि दसवीं में 42 फीसदी अंक आने से वह परेशान थी। सूचना पर मौके पर पहुंची केलवा पुलिस ने शव को अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कैम्पर चोरी, आरोपित फुटेज में कैद
केलवा. चौपाटी पर स्थित दुकान के बाहर खड़ी बोलेरो कैम्पर सोमवार रात अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, मगर पुलिस देर रात तक भी कोई सुराग नहीं जुटा पाई। पुलिस के अनुसार केलवा चौपाटी के पास श्री करधर टायर रिट्रेडिंग शॉप के बाहर खड़ा कैम्पर चोरी हो गया। मंगलवार सुबह चोरी की सूचना पर एएसआई सुन्दर लाल मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे। बागोल निवासी प्रकाश चन्द्र रेगर ने दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात लोग उसका कैम्पर चुरा ले गए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। फिर उसी आधार पर क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों से पूछताछ भी की, मगर देर रात तक भी आरोपितों के बारे में कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग पाया।
सोशल मीडिया में विवादित पोस्ट पर प्रकरण
कुंवारिया. सोशल मीडिया पर कतिपय जनप्रतिनिध के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी पर कुंवारिया थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार फेसबुक आईडी से कुंवारिया क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि के विरुद्ध अपमानजनक कमेंट किया। बाद में उसके लिंक को वाट्सएप पर वायरल कर दिया। इस पर पंचायत समिति सदस्य मुकेश शर्मा, गणेश लाल पोरवाल, प्रवीण पीपाडा, सुखदेव यादव, अजय प्रजापत ने आपत्ति जताते हुए कुंवारिया थाना प्रभारी योगेंद्र व्यास से शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।





No comments:
Post a Comment