नगर विकास न्यास: जारी की एनओसी
घड़सीसर में बनेगा डंपिंग यार्ड
बीकानेर. नगर निगम अब घड़सीसर में डंपिंग यार्ड बनाएगा। शहरी क्षेत्रों से एकत्र किए जा रहे कचरे को इसी डंपिंग यार्ड में डाला जाएगा। इसके लिए नगर विकास न्यास ने अनापत्ति प्रमाण पत्र शुक्रवार को जारी कर दिया। निगम डंपिंग यार्ड शुरू करने के लिए कर्मचारी कक्ष, बिजली-पानी आदि की व्यवस्था करेगा। वहीं कचरे से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डम्परों के आने-जाने के लिए मार्ग भी तैयार करेगा। निगम अगले सप्ताह से घड़सीसर क्षेत्र में डंपिंग यार्ड शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। निगम आयुक्त के अनुसार घड़सीसर क्षेत्र में शुरू होने वाला डंपिंग यार्ड आबादी क्षेत्र से दूर होगा। उन्होंने बताया कि गोगागेट क्षेत्र में वर्षों से संचालित हो रहे डंपिंग यार्ड में न्यायालय के आदेशों के अनुसार कचरे को डालने पर रोक लगी हुई है।
यहां जताई थी लोगों ने आपत्ति
गोगागेट क्षेत्र में डंपिंग यार्ड में कचरा डालने पर रोक के बाद निगम ने आचार्य बगीची के पीछे पुरानी बजरी की खदानों के गड्ढों में कचरा डालना शुरू कर दिया था। यह क्षेत्र आबादी के नजदीक होने से क्षेत्रवासियों ने इसका विरोध किया था। लोगों का कहना था कि कचरे की दुर्गंध और आग से उठने वाले धुएं से यहां के बाशिंदे परेशान हैं। क्षेत्रवासियों की आपत्ति के बाद निगम अब घड़सीसर में डंपिंग यार्ड शुरू कर रहा है।
एनओसी मिली
घड़सीसर क्षेत्र में डंपिंग यार्ड शुरू करने के लिए नगर विकास न्यास से एनओसी मिल गई है। डंपिंग यार्ड के लिए
आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। अगले सप्ताह से घड़सीसर क्षेत्र में डंपिंग यार्ड शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
प्रदीप के गावंडे, आयुक्त नगर निगम, बीकानेर।
ध्वनि प्रदूषण करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई
बीकानेर. मोटरसाइकिल के साइलेंसर से छेड़छाड़ कर ध्वति प्रदूषण करने वाले चार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाधिकारियों को पाबंद किया है कि मोटरसाइकिल के साइलेंसर से तेज पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले चार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।





No comments:
Post a Comment