Breaking News
recent

बारिश में भीगा कांठल, बारिश के बाद मौसम हुआ सुहाना

प्रतापगढ़. सुबह से ही आसमान में छाए बादल और दोपहर में कभी रिमझिम तो कभी झमाझम का दौर। जिले में शहर सहित विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को यही माहौल रहा। यहां विभिन्न स्थानों पर तेज, मध्यम व धीमी गति की बारिश हुई। बारिश के चलते सडक़ों पर बरसाती पानी बह निकला वहीं जिले के विभिन्न जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई।
खिले लोगों के चेहरे
रिमझिम और झमाझम बारिश के चलते मौसम खुशनुमा होने से लोगों के चेहरे खिले दिखाई दिए। बारिश के चलते गर्मी की तल्खी पानी में घुली रही। वातावरण में ठंडी हवा मौसम के खुशनुमा होने का एहसास कराती रही।
फसलों को फायदा
जिलेभर में अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर भी चमक है। किसानों का कहना था की इस बारिश से खेतों में बोई फसलों को काफी फायदा पहुंचेगा। वहीं जमीन के अंदर पानी का स्तर भी रिमझिम बारिश से बढ़ेगा।
जलाशयों में पानी
पिछले दिनों जारी बारिश के दौर के चलते जिले के विभिन्न जलाशयों में पानी की आवक तेज हो गई है। कई जगह नदियों में पानी वेग से बहने लगा है, तालाबों में पानी की मात्रा बढ़ गई है एनीकट लबालब होकर झलकने लगे हैं तो झरने भी गिरने लगे हैं।
रास्तों व खेतों में भरा पानी
बारिश के चलते कई जगहों पर खेतों व रास्तों में पानी भरा नजर आया। तेज बारिश के चलते सफाई व्यवस्था की भी कलई खुल गई और मार्ग में कीचड़ व नालियों की गंदगी के चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जरुरी कार्य प्रभावित
दोपहर में करीब 2 से शाम 5 बजे तक रिमझिम और झमाझम से जिलेभर में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बारिश के चलते लोग अपने घरों-दुकानों में कैद होकर रह गए और उनके जरुरी काम प्रभावित रहे। बहुत जरुरी काम होने पर ही लोग बाहर निकले।

कहां कितनी बारिश
(गुरुवार सुबह 8 से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक)
स्थान बारिश
प्रतापगढ़ 07 एमएम
अरनोद -
छोटीसादड़ी 32 एमएम
धरियावद 42 एमएम
पीपलखूंट 3.0 एमएम



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.