Breaking News
recent

लाभार्थियों को भेजने की व्यवस्था भाजपा की या प्रशासन की?


बीकानेर. भाजपा जिला शहर एवं देहात ने प्रधानमंत्री से लाभार्थियों के संवाद में हर विधानसभा क्षेत्र से एक-एक हजार लाभार्थियों को ले जाने का दावा किया है। इसके लिए भाजपा ने जिले के सभी २२ मण्डलों की बैठकें करके बूथ अध्यक्ष तक को जिम्मेदारी देने का दावा किया है। वहीं जिला प्रशासन ने लाभार्थियों को ले जाने की व्यवस्था की गुरुवार को समीक्षा की।

जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता के अनुसार शुक्रवार को बीकानेर से 153 बसें रवाना होंगी। बसें निर्धारित समय पर रवाना होने, लाभार्थियों के लिए वाहन, जलपान, खाने आदि की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक ली। उधर, विधायकों को लाभार्थियों के खाने की व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी देना बताया गया है। शहर जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि जिले से ८ से ९ हजार लाभार्थियों को ले जाने की व्यवस्था की गई है। इनको संगठन के स्तर पर भी ले जाया जाएगा। खाने की व्यवस्था विधायक या संगठन करेगा।

 

24 घंटे कार्य करेगा कंट्रोल रूम
जिला कलक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्य करेगा। इसके लिए पारी वार कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। यात्रा के दौरान कोई समस्या आने पर कंट्रोल में तुरंत जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार विकास अधिकारी स्तर पर भी आवश्यकता के अनुसार नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे।

 

योजनावार लाभार्थियों की सूची जारी
जिला प्रशासन ने राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों की सूची जारी कर दी है। जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता का कहना है कि प्रत्येक लाभार्थी को एक बैग, निर्धारित कलर कोड के अनुसार सैसे व प्रचार साहित्य भी उपलब्ध करवाया जाएगा। सूची में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 400, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के 25, प्रधानमंत्री आवास योजना के 2300, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के 400 लाभार्थी बताए गए हैं। इसी तरह जिले में मुख्यमंत्री पालनहार योजना के 50, मुख्यमंत्री राजश्री योजना के 100, मेधावी छात्रा स्कूटी वितरण के 75, श्रमिक कल्याण कार्यक्रम के 250, प्रधानमंत्राी मुद्रा के 50, कौशल एवं आजीविका विकास के 500, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के 2500 तथा दीन दयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना के 50 लाभार्थी शामिल होंगे।

 

ब्लॉक स्तर पर प्रभारी
जिला कलक्टर ने कहा कि योजनावार तथा ब्लॉक स्तर पर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक बस के लिए एक नोडल अधिकारी व दो वॉलन्टियर नियुक्त किए गए हैं, जो यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखेंगे। बस प्रभारी के पास बस में यात्रा करने वाले सभी लाभार्थियों के नाम व मोबाइल नंबर की सूची रहेगी। नोडल अधिकारी को निर्धारित रूट के अनुसार यात्रा करते हुए रास्ते में चैक पोस्ट पर आने-जाने की सूचना दर्ज करवानी होगी। इसी प्रकार 3-4 बसों पर एक सुपरवाइजर भी बनाया गया है। प्रत्येक बस पर जिला व ब्लॉक का नाम, नोडल अधिकारी के नाम व मोबाइल नम्बर, जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर अंकित होंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.