Breaking News
recent

कलक्टर ने की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

प्रतापगढ़. जिला कलक्टर भंवरलाल मेहरा ने सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में बिजली, पानी, स्वास्थ्य सहित प्रमुख विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और प्रमुख योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन एवं मुख्यमंत्री बजट घोषणा की समीक्षा की एवं अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण के कार्यो की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं को पूर्ण करने के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के स्वीकृत बकाया कार्य, शीघ्र पूर्ण करने, विद्युत समस्याओं के शीघ्र निराकरण, शांतिपूर्ण भेड़-निष्क्रमण करने सहित विभिन्न कार्यो के पूर्ण करने के संबंध में निर्देशित किया। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता से कहा कि वे वर्षाकाल में शुद्ध पेयजल वितरण सुनिश्चित करें और समय-समय पर पानी के नमूनों की जांच करें और किसी भी हालत में दूषित पेयजल वितरित नही करें। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यालयों में अधिकारियो एवं कर्मचारियों के स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों की सूचना भिजवाएं। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यो की सीसी अपलोड करने एवं समय पर कार्यो का भुगतान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमेन्द्र नागर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन कार्यो को शीघ्र पूर्ण करनें और अभियान के चतुर्थ चरण का सर्वे कार्य भी करने के निर्देश दिए। उन्होंने 7 जुलाई को जयपुर में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेने वाले जिले के लाभार्थियों की सूची अपने पास रखने एवं यात्रा के दौरान विभिन्न अधिकारियो को सौंपी गई जिम्मेदारी तय समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. वीसी गर्ग सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

===============================================
दलोट में भी फूटा आक्रोश, बंद रहा कस्बा
आरोपी के पुतले को फांसी पर लटकाया, किया दहन
दलोट निकटवर्ती मन्दसौर में मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपितों को फांसी दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को दलोट कस्बा बंद रहा।
कस्बे के छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों ने स्वैच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
सुरक्षा व्यवस्था में डीप्टी जगराम मीणा, सालमगढ़ थाना प्रभारी बुधाराम बिश्नोई, पीपलखूंट एएसआई कंवरलाल आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के मन्दसौर में 7 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म व दरिंदगी को लेकर सर्वसमाज की ओर से दलोट बंद का आह्वान किया गया था। दुष्कर्मियों को फांसी की मांग की गई।
कस्बेवासियों ने दुष्कर्म के आरोपी का पुतला बनाकर कस्बे के मुख्य मार्गों पर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इसके बाद पुतले को सालमगढ़ चौराहे पर फांसी पर लटकाया। पुतले को उतारकर चौराहे पर पुतला दहन किया। इसके बाद कस्बेवासियों ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार धनराज मीणा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की। ज्ञापन देने के बाद कस्बेवासियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.