लालसोट. शहर के वार्ड 15 स्थित प्रताप नगर में पिछले कई दिनों से व्याप्त पेयजल संकट को लेकर क्षेत्र की महिलाओं का रोष फूटा पड़ा और नगर पालिका कार्यालय के सामने से गुजर रहे एनएच 11 ए हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची लालसोट पुलिस ने महिलाओं को मौके पर विभाग के अधिकारियों को बुलाने का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया।
प्रतापनगर की दर्जनों महिलाएं नगर पालिका कार्यालय पहुंची और ईओ सुरेन्द्रकुमार मीना को क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट के बारे में जानकारी देकर निदान की मांग की। इस पर ईओ से महिलाओं से कहा कि वे वार्ड पार्षद के माध्यम से उन्हें एक ज्ञापन लिखकर दे दें। जिससे वे उचित कार्रवाई के लिए जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को भेज देंगे।
महिलाओं ने कहा कि वे कई बार पार्षद को भी अवगत करा चुकी है और पार्षद द्वारा भी जलदाय विभाग के अधिकारियों को पेयजल समस्या के बारे में बताया जा चुका है। इसके बाद भी उनकी कालोनी में पेयजल संकट बना हुआ है। इसके बाद महिलाओं ने नगर पालिका कार्यालय के सामने से गुजर रहे एनएच 11 ए पर पहुंचकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। जानकारी मिलने पर लालसोट एसएचओ राजेन्द्र मीना भी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मौके पर विभाग के अधिकारियों को बुलाने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। जाम के चलते करीब बीस मिनट तक हाइवे के दोनो ओर वाहनों की कतार लग गई।
कुछ देर बाद जलदाय विभाग केे कनिष्ठ अभियंता भी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और उन्होंने महिलाओं से पेयजल संकट के बारे मेें जानकारी लेकर शीघ्र ही समस्या समस्या का भरोसा दिया। हाइवे जाम की चेतावनी: शहर के खटवा रोड पर वार्ड 6 व 12 में बसी सूर्य नगर कॉलोनी, जोशी फाटक, साधक कॉलोनी समेत आसपास के इलाके मेें व्याप्त पेयजल संकट से नाराज दर्जनों जनों ने शुक्रवार को पंचायत समिति कार्यालय पहुंचकर उपखण्ड अधिकारी नवरत्न कोली को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में क्षेत्र केे वाशिंदों ने पेयजल संकट का निदान नही होने पर एनएच 11 ए हाइवे पर धरना प्रदर्शन व जाम की चेतावनी भी दी। बजरंगलाल शर्मा, पप्पूलाल, छुट्टनलाल, महेश शर्मा समेत कई जनों ने ज्ञापन में बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले तीन साल से पेयजल संकट व्याप्त है। वे इस बारे में कई बार विभाग के अधिकारियों को भी लिखित व मौखिक रूप से अवगत करा चुके है, उसके बाद भी कोई सुनवाई नही हो रही है। उपखण्ड अधिकारी ने जलदाय के अभियंता को निर्देश दिए कि वे मामले की जांच करते हुए पेयजल संकट का शीघ्र निदान करें।(नि.प्र.)





No comments:
Post a Comment