बसवा. कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढऩे वाले कक्षा 6 से लेकर 8 तक के बच्चों को विद्यालय से एक किलोमीटर दूर जाकर भोजन मिलता है। इस कारण बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार कस्बे के नीमला बाजार में हेमंत जैन उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित था।
इस विद्यालय को विभाग ने उच्च माध्यमिक विद्यालय में समायोजित कर दिया था, लोगों द्वारा विरोध करने पर शिक्षा विभाग ने दोबारा हेमंत जैन में कक्षा 1 से 5 तक कक्षाएं संचालित कर दी, लेकिन बच्चों को मिलने वाला पोषाहार हेमंत जैन में ही बनता है। इसके चलते रोजाना करीब 80 बच्चों को तेज धूप में भोजन करने उस विद्यालय में जाना पड़ता है। इससे दुर्घटना होने व तेज धूप के कारण बीमार होने का डर भी सताता है।
प्रधानाचार्य राजेन्द्र बैरवा ने बताया कि पोषाहार बनाने वाले की कमी थी। इसलिए सब बच्चों का पोषाहार हेमंत जैन विद्यालय में बन रहा था। एक दो दिन में यहां पर भी पोषाहार बनाने की व्यवस्था कर दी जाएगी।
भंडाना. यहां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को पुलिस जनसहभागिता कार्यक्रम में बच्चों को कानूनी जानकारी दी गई। वृत्ताधिकारी जीवप्रकाश जोशी व सदर थाना प्रभारी रामसिंह यादव ने यातायात नियमों, दहेज प्रथा को बंद करने, बाल विवाह पर तुरंत सूचना देने, शराबबंदी, गांव में भाईचारा बनाने रखना आदि के कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। इस मौके पर सदर थाना के सूरज यादव, महादेव गुर्जर, हनुमान शर्मा, प्रधानाचार्य सुरेश स्वर्णकार, देवेश वशिष्ठ आदि मौजूद थे।
गुढ़लिया-अरनिया. अक्षयपुरी स्कूल के पीछे चल रहे मनरेगा कार्य का जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेन्द्रप्रसाद चतुर्वेदी ने निरीक्षण किया। उन्होंने श्रमिकों से प्रपत्र 6 में आवेदन करने से जुड़ी जानकारी ली। मौके पर छाया, पानी एवं मेडिकल किट उपलब्ध होने पर संतोष जताया। जॉब कार्डों का अवलोकन कर भुगतान से जुड़ी जानकारी ली। इस मौके पर कनिष्ठ तकनीकी सहायक दिनेश मीणा, राधेश्याम बैरवा, ग्राम विकास अधिकारी देवेन्द्र शर्मा एवं रोजगार सहायक मुकेश गुर्जर मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment