Breaking News
recent

किसको पेड़ से बांधा और पीटकर शव को फेंक दिया सड़क पर




चित्तौडग़ढ़. जिले के भैंसरोडगढ थाना क्षेत्र की तम्बोलिया ग्राम पंचायत के प्रतापपुरा गांव मे सोमवार रात आधा दर्जन लोगों ने दो युवकों को घर से बुलाया। एक की कनपटी पर पिस्टल रखकर पेड़ से बांधा और पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में शव को बोराव-प्रतापपुरा मार्ग पर सड़क किनारे फेंक गए। चंगुल से बचकर निकले दूसरे युवक ने राज खोला तो पुलिस ने एक आरोपी को मंगलवार दोपहर में गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की तो शाम तक घटना से जुड़े कई पहलू सामने आ गए।
बोराव-प्रतापपुरा मार्ग पर मंगलवार को सुबह प्रतापपुरा निवासी प्रभुलाल (४०) पुत्र नारायण मीणा का शव मिला। पुलिस को मृतक की पत्नी कांता ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे गांव का ही अर्जुनसिंह पुत्र भंवरसिंह घर से बुलाकर ले गया था, इसके बाद मंगलवार को सुबह उसका शव सड़क पर पड़ा मिला। मौके पर अर्जुनसिंह भी पहुंचा था, जहां से पुलिस ने उसके हिरासत में ले लिया। रावतभाटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भवानीशंकर मीणा भी मौके पर पहुंचे। चित्तौडग़ढ़ से डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंची। जहां हत्या की गई, वहां एक पेड़ के पास मृतक का एक जूता, गले में पहनने का नकली मांदलिया और बीयर की खाली बोतलें मिली। इस स्थान से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर शव पड़ा हुआ मिला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अर्जुनसिंह ने पूछताछ में बताया कि उसका साथी श्यामलाल धाकड़ डोडा चूरा तस्करी के मामले में अजमेर में दर्ज एनडीपीएस मामले में वाछिंत था। जिसे कांस्या चौकी के सिपाही दिनेश मीणा की सहायता से कुछ दिन पहले अजमेर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपियों को शक था कि प्रभुलाल व मुकेश मीणा ने उसे गिरफ्तार करवाया।
पीट-पीटकर मार डाला -
अर्जुनसिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात प्रभुलाल को अपनी बाइक से लेकर पानी की टंकी के पास कोठारी का कुआं पहुंचा और उसे बोलेरो में बैठा लिया। वहीं उसके साथी विमल ने फोन पर कोठारी का कुआं निवासी मुकेश पुत्र (३२) घीसा मीणा को भी वहां बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों ं को विमल की बिना नंबर की जीप में बिठाया और मारपीट शुरू कर दी। इस पर वे चिल्लाने लगे तो विमल ने प्रभुलाल की कनपटी पर जमील की पिस्टल लगा दी तथा मारपीट की। इसके बाद वे दोनों को लेकर खेमाखेड़ा व प्रतापपुरा गांव के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने मुकेश से मारपीट की, वहीं प्रभुलाल को पेड़ से बांधकर हॉकियों से मारपीट की। जिससे प्रभुलाल की तबीयत बिगड़ गई। यह देख वे मुकेश को छोड़कर प्रभुलाल को जीप से उपचार के लिए ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस पर वे प्रभुलाल के शव को सड़क किनारे फेंककर भाग गए।
इनके खिलाफ मामला दर्ज
मीणा ने बताया कि बोराव निवासी विमल पुत्र रामेश्वर धाकड़, धांगडमऊ कलां निवासी जमील पुत्र मुबारिक, बोराव निवासी इकबाल उर्फ अरबाज पुत्र फिरोज, बोराव निवासी कुक्का धाकड़ व एक अन्य जना हत्या करने में शामिल रहे। इस मामले में पुलिस ने घायल मुकेश की रिपोर्ट पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी
पहले मां का अब उठा पिता का साया उठा
मृतक प्रभुलाल मीणा मजदूरी व खेती कर परिवार के छह सदस्यों का पालन पोषण कर रहा था। मृतक की पुत्री रेणु कुमारी ने बताया कि सात वर्ष पहले उसकी मां का भी निधन हो गया था। मृतक का दस वर्षीय पुत्र धर्मराज व आठ वर्षीय पुत्र विनोद पांचवीं व चौथी कक्षा में पढ रहे हैं। बहन व दो भाइयों का पालन-पोषण करने वाला अब परिवार में कोई नहीं बचा। पुत्री रेणु ने जैसे ही पिता का शव देखा तो बेहोश हो गई जिसे बोराव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाया गया, जहां करीब आधे घंटे बाद होश आने के बाद स्वास्थ्य मे सुधार है।
ग्रामीणों ने जताया रोष
हत्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसी ही घटना वर्ष २०१४-१५ में हुई थी, जब बोराव में निजी क्लिनिक चलाने वाले सिंगोली निवासी राधेश्याम धाकड़ का शव खेमाखेड़ा गांव मे सड़क किनारे पड़ा मिला था। प्रभुलाल की हत्या अरणाई तलाई रास्ते में एक पेड़ के नीचे की गई।

 

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.