पाली/झींझारड़ी. (मारवाड़ जंक्शन). झिंझार्डी ग्राम पंचायत के मेवड़ा गांव के समीप नायकों की ढाणी में एक ऐसा विद्यालय संचालित है जो पिछले पांच साल से तम्बू के नीचे चल रहा है। विद्यालय के लिए पंचायत की ओर से जमीन भी आवंटित कर दी गई है उसके बावजूद अब तक विद्यालय भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। बारिश में दिनों में बचाव के लिए तम्बू पर प्लास्टिक लगा लिया जाता है।
झिंझार्डी ग्राम पंचायत की नायकों की ढाणी में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का भवन नहीं बना हुआ है। इसके कारण विद्यालय का संचालन तम्बू के नीचे होता है। पहले यहां घासफूस का तम्बू बना गया था। उसके नीचे विद्यार्थी अध्ययन करते थे। बारिश के मौसम के कारण ग्रामीणों के सहयोग से प्लास्टिक का तम्बू बनाया गया है। ये स्थिती करीब पांच साल से है। इस विद्यालय की शरूआत एक मई 2013 को की गई थी। यहां पर सभी अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाती वर्ग के करीब 20 से ज्यादा विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की जानकारी में होने के बावजूद विद्यालय का भवन अब तक नहीं बन पाया है। यहां पढऩे वाले बच्चों की मजबूरी कहें या तकदीर भले सर्दी हो, गर्मी हो या बरसात, उन्हें ऐसे ही इस तम्बू के नीचे पढऩा पड़ता है।
आस-पास है जंगल, आते हैं जहरीले जानवर
विद्यालय भवन नहीं होने के कारण बच्चों को नीचे जमीन पर बैठकर ही अध्ययन करना पड़ता है। आस-पास जंगल व पहाड़ी इलाका होने के कारण छोटे बड़े जहरीले जानवर भी आ जाते हैं। ऐसे मे शिक्षिका, बच्चों सहित अभिभावकों में भय बना रहता है।
बैग में डालकर ले जाने पड़ते है कागजात
विद्यालय भवन निर्माण के अभाव में इस विद्यालय से सम्बंधित सरकारी दस्तावेजों को शिक्षक रोजाना साथ ले जाना पड़ता है। वहीं विद्यार्थियों के लिए पोषाहार पास स्थित एक ग्रामीण के मकान में तैयार होता है। वहीं पर पोषाहार की सामग्री को रखा जाता है।
जमीन आवंटित फिर भी वंचित
इस विद्यालय के भवन निर्माण के लिए जिला कलक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने भूमि का आवंटन किया। इस स्कूल को झींझार्डी के खसरा नम्बर 2714 रकबा 1.7953 हैक्टेयर किस्म बरामी दोयम से 0.5 हैक्टेयर भूमि आवंटन का आदेश जारी किया था। भूमि आवंटन को लगभग एक साल होने को आया है, अभी तक भवन निर्माण की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।
इन्होंने कहा
मैंने कई बार सम्बंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधीयों को इसके बारे मे अवगत करवाकर भवन निर्माण की मांग की है, परन्तु कोई सुध लेने वाला नहीं है।
इन्द्रा नायक, पंचायत समिति सदस्य, झिंझार्डी
पढाई करवाते समय सब जगह ध्यान रखना पड़ता है। आस-पास पहाड़ी इलाका होने व जंगल होने की वजह से कई बार जहरीले जानवर आ जाते हैं। बारिश ज्यादा होने पर तम्बू में से पानी भी गिरने लगता है। इससे काफी परेशानी होती है।
पुष्पा डांगी, शिक्षिका
इस सम्बंध में वित्तीय स्वीकृती के लिए मैंने उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया है। स्वीकृती आते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
सुरेन्द्र गर्ग, ब्लॉक प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी, मारवाड़ जंक्शन





No comments:
Post a Comment