बीकानेर . पूर्व राष्ट्रपति प्रवण मुखर्जी के पुत्र और जंगीपुर (पश्चिम बंगाल) से कांग्रेस सांसद अभिजीत मुखर्जी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी फेस ऑफ यंंग इण्डिया हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व से भारत का भविष्य जुड़ा हुआ है। युवाओं को प्रेरित करके भविष्य में देश विज्ञान, तकनीक और आर्थिक मोर्चे पर आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने 'राजस्थान पत्रिकाÓ के साथ राष्ट्रीय राजनीति, कांग्रेस के प्रति जनता का बदलता रुख, प्रवण दा का राष्ट्रीय जीवन और केन्द्र में भाजपा सरकार समेत विभिन्न मुद्दों पर मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में खुलकर बातचीत की।
कांग्रेस विहीन भारत के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का आधार कांग्रेस रही है। पार्टी राष्ट्रीय जीवन के रग-रग में समाहित है। कांग्रेस के बिना राष्ट्रीय लोकतंत्र को नहीं समझा जा सकता। जिसका नेतृत्व महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राहुल गांधी जैसे नेताओं ने किया है, उस कांग्रेस से विहीन राष्ट्रीय राजनीति की बात करना बेमानी है। अभी पार्टी सत्ता से बाहर है, यह तो लोकतंत्र का हिस्सा है। भाजपा १९९४ में मात्र दो सांसदों से वापस सत्ता में आ सकती है, तो कांग्रेस ४४ सांसदों से सरकार क्यों नहीं बना सकती। कांग्रेस सत्ता में आएगी, इसका संकेत उप चुनावों में मिल चुका है।
दा का यही राष्ट्रीय व्यक्तित्व
प्रणव दा के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मंच पर जाने के मामले में सांसद ने कहा कि उनका यही राष्ट्रीय व्यक्तित्व है। जब उन्होंने राष्ट्रपति का पद संभाला, तब वे राजनीतिक दायरों से ऊपर हो गए। जब राष्ट्रपति पद से निवृत्त हो गए तो आम नागरिक हो गए। उनका संघ के मंच पर जाना कतई गलत नहीं था। यह बात स्वाभाविक है कि प्रवण दा के संघ के मंच पर जाने से कांग्रेस में खलबली मची।
मित्र देश चीन के ज्यादा नजदीक
अभिजीत मुखर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेशी नीति और विदेशों में भारत की साख जमाने के पार्टी के दावे पर कहा कि देश की विदेश नीति दीर्घकालीन और व्यापक संदर्भों में होती है। डोकलाम मामले में भारत सीमा में चीनी सैनिक घुस आए, चीन अब भी आंख दिखाता है। नेपाल हमारे साथ मित्रवत नहीं है। श्रीलंका और मलेशिया चीन के ज्यादा नजदीक हैं। भारत को बड़ा देश होने के नाते दुनिया का आर्थिक नेतृत्व करना चाहिए, जो नहीं कर पा रहा है।
महंगाई बढ़ी, रोजगार के अवसर नहीं
सांसद ने कहा कि आर्थिक नीति में केन्द्र सरकार देश में रोजगार के अवसर नहीं बढ़ा पाई है। औद्योगिक ग्रोथ नहीं बढ़ी है। कृषि आधारित रोजगार घटे हैं, महंगाई बढ़ी है। किसानों को अनुदान एवं ऋण नहीं मिल रहे हैं। पेट्रोल एवं गैस के दाम बढ़े हैं। किसानों की आय दुगनी करने की आशा जगाने के अलावा कुछ नहीं हुआ। साल २०१९ के चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की गठबंधन की राजनीति पर उन्होंने कहा कि एंटी बीजेपी वोट कहा जाएंगे, भाजपा के खिलाफ कांग्रेस केन्द्रीय भूमिका में रहेगी।





No comments:
Post a Comment