Breaking News
recent

कैशियर के कनपटी पर पिस्टल लगाकर ले गए तीन लाख, हरियाणा के शातिर बदमाश से जुड़े तार

खेतड़ी. सीकर के डाबला में बैंक लूटने के बाद बाइक सवार होकर पहुंचे युवकों ने मंगलवार को फायरिंग कर खेतड़ी के शिमला गांव में स्थित बैंक लूट लिया। लुटेरे कैशियर की कनपटी पर पिस्टल लगाकर वहां रखे तीन लाख दस हजार रुपए ले गए। बैंक के बाहर भी फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोपितों ने पुलिस पर भी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान लुटेरों की बाइक फिसल गई। इस पर पुलिस ने तीनों लुटेरों को दबोच लिया।


पुलिस अधीक्षक मनीष अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित रुपसराय थाना नांगल चौधरी,हरियाणा निवासी राजेश (22) पुत्र रोहिताश व राजेश(20) पुत्र लीलाराम तथा डूमोली खुर्द निवासी लोकेश(19) है। इनके पास से पुलिस ने शिमला के बैंक से लूटे गए तीन लाख दस हजार रुपए, वारदात में काम ली गई बाइक, तीन पिस्टल व जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।


फायरिंग करते हुए घुसे बैंक में
शिमला के एसबीआई बैंक में लुटेरे करीब पौने ग्यारह बजे फायरिंग करते हुए घुसे। उस दौरान बैंक में तीन बैंक कर्मचारी व करीब दस ग्राहक थे। इस दौरान बैंक मैनेजर व गार्ड खेतड़ी बैंक से रुपए लेने के लिए गए हुए थे। लुटेरों को देखकर सब पीछे हो गए। लुटेरे सीधे कैशियर के पास पहुंचे। लात मारकर कैशियर का केबिन खोला और कैशियर की कनपटी पर बंदूक लगा दी। कैशियर वीरेन्द्र कुमार जांगिड़ ने बताया कि लुटेरों ने कहा कि पैसे कहा रखे हैं। इसके बाद वहां रखे तीन लाख दस हजार रुपए बैग में डाल लिए।


सायरन बजा तो लोगों की हुईभीड़
लुटेरों ने बैंक के बाहर निकलते समय भी फायर किया। इसी दौरान कैशियर वीरेन्द्र कुमार ने बैंक का सायरन बजा दिया। इससे वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बैंक में खड़े फौजी संदीप कुमार व अन्य ने हो-हल्ला भी किया, लेकिन लुटेरों की पिस्तौल को देखते हुए किसी की उनका पीछा करने की हिम्मत नहीं हुई।


15 किलोमीटर बाद आए पकड़ में
बैंक में लूट की सूचना पर पुलिस ने हरियाणा सीमा पर कड़ी नाकाबंदी करवाई गई। मेहाड़ा चौकी प्रभारी भीमसिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी कर रही पुलिस टीम को आरोपितों के किशनपुरा-दनचौली के पास हरियाणा की सीमा पर होने की जानकारी मिली। इसी टीम को आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।


पुलिस ने की जवाबी फायरिंग
नाकाबंदी के दौरान मेहाड़ा चौकी प्रभारी भीमसिंह की टीम को हरियाणा बॉर्डर पर किशनपुरा दनचौली के पास सफेद रंग की अपाचे बाइक आते हुए दिखाई दी। पुलिस की गाड़ी देखकर लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान आरोपितों की बाइक फिसल गई। तीनों आरोपित वहां से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तीनों को दबोच लिया।


डाबला में भी लूटा है बैंक
खेतड़ी में गिरफ्तार लुटेरों ने ही चार जुलाई को सीकर के डाबला में बैंक में लूट की वारदात करना स्वीकार किया है।पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। इनसे कई वारदात खुलने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपितों में से एक लोकेश डूमोली में हुए दोहरे हत्याकाण्ड में भी फरार चल रहा था। लुटेरों को पकडऩे वाली टीम में चौकी प्रभारी भीमसिंह, कांस्टेबल महेश कुमार, मनोज कुमार, घनश्याम, विजयसिंह, पृथ्वीसिंह मीणा शामिल थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.