बालिकाओं ने निकाली रैली
छोटीसादड़ी. बालिका शिक्षा व स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेवाड़ शिक्षण संस्था की ओर से आयोजित नि:शुल्क शिविर का समापन समारोह गुरुवार को नगर के हिंदू धर्मशाला में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण शिविर में 340 बालिकाओं को सिलाई, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, नृत्य सिखाया गया। शिविर में बालिकाओं ने मेवाड़ शिक्षण संस्था महाराणा प्रताप बस स्टैंड से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, अभियान के तहत रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने मंदसौर में मासूम के साथ हुए दुष्कर्म की घटना के विरोध में अपराधियों को फांसी देने की भी मांग की। रैली नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए समारोह स्थल पहुंची। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अतिथियों का स्वागत संस्थान के सुमित शर्मा, आशीष माली, भेरुलाल तेली, लक्ष्मी नारायण साहू, राजेश मेघवाल, ललित माली, करण माली, हर्ष माली ने किया। समारोह में सिर पर आग का घड़ा व हाथ में जलते हुए दीपक लेकर राजस्थानी घूमर पर नृत्य आकर्षण का केन्द्र रहे। सुमित शर्मा ने शिविर में संपूर्ण गतिविधियों से अवगत कराया। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नगर के भामाशाह से पढऩे की इच्छुक बेटियों को गोद लेकर कंप्यूटर शिक्षा देकर जीवन में पुण्य कार्य करने का आग्रह किया। संस्था की ओर से बालिकाओं के लिए नि:शुल्क घोषणा की गई। शिविर में लाभार्थी बालिकाओं की ओर से अपने अनुभव साझा किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना अधिकारी प्रवीण टांक ने बालिकाओं का हौसला बढ़ाया व पूर्ण सुरक्षा करने का वादा किया। कोई समस्या होने पर तुरन्त पुलिस को शिकायत करने की बात कही। संस्था की ओर से सुरक्षा के लिए एक नि:शुल्क शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए थाना अधिकारी प्रवीण टांक ने संस्थाओं को सहायता करने की बात कही। किसान नेता सोहनलाल आंजना की ओर से बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रहित में कार्य करते हुए अपने देश, परिवार का गौरव बढ़ाने का संदेश दिया। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने संस्थान के बेटी गोद लेने की योजना को सार्थक बताया व प्रशंसा की। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा शिक्षा रोजगार संबंधित ऋण योजना के बारे में जानकारी दी। पशु चिकित्सक डॉ मथुरालाल धाकड़ ने बालिकाओं को गृह उद्योग के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर उद्योग शुरू करने के लिए आवश्यकता अनुसार पैसों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के बारे में जानकारी दी गई। आभार लक्ष्मी नारायण साहू ने व्यक्त किया। लाभार्थी बालिकाओं को प्रशंसा पत्र व अध्यापिकाओं को भी प्रशंसा पत्र दिए गए। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया गया।
किस लिए एबीवीपी ने एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ किया प्रदर्शन, देखे यह खबर...
इन्होंने सिखाया कौशल
शिविर में ब्यूटी पार्लर में कविता चतुर्वेदी, विभा पंवार, उर्मिला यादव, सुनीता साहू, रीना खींची, शालिनी तंबोली आदि की ओर से शिविर में प्रशिक्षण दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रधान महावीर सिंह कृष्णावत, नगर पालिका अध्यक्ष चंदन बाला कासमा, थाना अधिकारी प्रवीण टांक, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, समाज सेवी रामचंद्र शर्मा, कैलाश उपाध्याय, रत्नेश कोठारी, डॉ. मथुरालाल धाकड़, गुणवंत चौरडिय़ा, प्रकाश कुमावत, प्रदीप उपाध्याय, सुभाष व्यास आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन कवि विशाल राव मराठा ने किया।





No comments:
Post a Comment