Breaking News
recent

अस्पताल में बिछुड़ी बालिका, चार घंटे बाद अपनों से मिली

ओम टेलर

पाली. परिजनों के साथ बांगड़ अस्पताल पहुंची एक तीन वर्षीय बिछुड़ गई। बालिका घूमते-घूमते नगर परिषद तक पहुंच गई। वहां मौजूद दुकानदारों ने अकेली बच्ची को देख अपने पास
बिठा दिया। इसके बाद पार्षद व बाल कल्याण समिति सदस्य किशोर सोमनानी को सूचित किया, तो पार्षद और जगदीश माली बालिका के परिजनों को ढूंढने में लग गए। करीब चार घंटे तक खोजते रहे। इसके बाद परिजन नहीं मिलने पर कोतवाली थाने को सूचना दी। इस बीच बांगड़ अस्पताल में कुछ लोगों द्वारा बालिका को ढूंढने की सूचना मिली। इस पर सोमनानी बालिका को लेकर अस्पताल गए और परिजनों से मिलवाया। सोमनानी ने बताया कि बालिका का नाम खैरवा निवासी सहादमा पुत्री सतार खान था। सहादमा की मां अस्पताल में भर्ती थी। वह उसकी माता के साथ अस्पताल के बाहर घूम रही थी। परिजनों का ध्यान भटकने से बच्ची अस्पताल का गेट पार कर वीडी नगर में प्रवेश कर नगर परिषद के पास चली गई।
... और बच्ची को देख फूट पड़ी मां
सहादमा के खोने के बाद परिजन भी उसे ढूंढ रहे थे। आस-पास की गलियों और अस्पताल को छान मारा था। जब पार्षद सहादमा को लेकर परिजनों के पास पहुंचे तो उसकी मां ने उसे सीने से लगा दिया। इस दौरान वह फूट-फूटकर रोई।
पुलिस पर फायरिंग के आरोपियों को भेजा जेल
रायपुर मारवाड़. बर में नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। जांच कर रहे सेंदड़ा थाना प्रभारी विष्णुदत्त राजपुरोहित ने बताया कि पुलिस पर फायरिंग के मामले में बाड़मेर जिले के हाडेल निवासी अरुण उर्फ टीकम हुड्डा पुत्र नेनाराम जाट, जोधपुर के फिटकासनी निवासी ओमलाल उर्फ ओमप्रकाश पुत्र सुखाराम विश्नोई व खेडी ढाणी निवासी रमेश पुत्र चेनाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ४ रिवॉल्वर, ३० जिंदा कारतूस, एक लोडिंग जीप व कार बरामद की थी। आरोपित जोधपुर से चित्तौडग़ढ़ डोडा पोस्त की खेप लेने जा रहे थे। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान इन्हंे बर में रोका तो तीनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

विषाक्त पदार्थ सुंघाकर धोखाधड़ी
सोजत. थाने में एक व्यक्ति ने एक साधुवेश धारी युवक व एक वाहन चालक के खिलाफ विषाक्त पदार्थ सुंघाकर अचेत कर सोने के जेवरात की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि गंगा पेट्रोल पम्प सोजत निवासी सोहनलाल मालवीय लौहार पुत्र बोहराराम ने रिपोर्ट दी कि वह ७ जुलाई को सवेरे सात बजे प्रतिदिन की तरह घूमने निकला था। हाईवे पर एक वैन चालक ने रोक कर आगे का मार्ग पूछा। इस दौरान वैन में सवार एक साधुवेशधारी व्यक्ति ने पास बुलाया और कोई विषाक्त सुंघा दिया। इसके बाद वे हाथ में पहनी घड़ी, सोने की चैन व अंगूठी लेकर फरार हो गए।
चोरों ने दुकान से टायर व रुपए चुराए
सोजत. पाली रोड स्थित एक दुकान की दीवार तोडक़र चोरों ने लाखों के टायर व नकदी चोरी कर ली। इस घटना की जानकारी के बाद दुकान मालिक ने थाने में प्रकरण दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि सोजत निवासी मुकेश रांकावत पुत्र राधेश्याम वैष्णव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि हाईवे स्थित पाली रोड पर उसकी टायरों की दुकान है। चार दिन पूर्व रात्रि में अज्ञात चोर उसके दुकान के पिछवाड़े की दीवार तोडक़र अंदर रखे एक लाख सताइस हजार रुपए के टायर व बीस हजार रुपए चोरी कर ले गए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.