चित्तौडग़ढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को जयपुर में होने वाले लाभार्थी संवाद में जिले के लाभार्थियों की भागीदारी के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर भाजपा नेता तक शुक्रवार पूरे दिन सक्रिय रहे। ये पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री की किसी रैली या सभा में भीड़ जुटाने के लिए उनकी पार्टी के नेताओं से अधिक प्रशासनिक अमला सक्रिय दिखा। रैली को जनसभा की बजाय लाभार्थी संवाद नाम देने से जिला कलक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जिले में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को जयपुर पहुंचाने तक की व्यवस्था में जुटे रहे। स्कूटी पाने वाली कई छात्राएं भी जयपुर जा रही है। मानसून सक्रिय होने से खेतों में व्यस्त हो जाने से ग्रामीण क्षेत्र से लाभार्थियों को जयपुर तक पहुंचाना चुनौती बन गया। लाभार्थियों के लिए मार्ग में आने-जाने की व्यवस्था में भी प्रशासन सक्रिय दिखा। बसों की व्यवस्था के लिए परिवहन महकमे के अधिकारी दिनभर व्यस्त रहे। प्रशासन के साथ भाजपा नेता भी मोदी की सभा को लेकर पूरी तरह सक्रिय रहे। सांसद सीपी जोशी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, सभापति सुशील शर्मा, प्रधान प्रवीणसिंह राठौड़ जैसे जनप्रतिनधियों से लेकर जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडऱी तक संगठन पदाधिकारी मोदी के संवाद कार्यक्रम में लाभार्थियों के साथ कार्यकर्ताओं की अधिकाधिक भागीदारी के प्रति भी प्रयासरत रहे। नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी, विधायक गौतम दक, अर्जुनलाल जीनगर व सुरेश धाकड़ भी अपने क्षेत्रों से लाभार्थियों की भागीदारी सभा में कराने के लिए सक्रिय रहे। सामान्य प्रशासन विभाग ने वित्त विभाग से अनुमति मिलने के बाद प्रधानमंत्री की सभा में परिवहन व्यवस्था के नाम पर प्रशासन को राशि आवंटित की है। प्रति किलोमीटर बीस रुपए दर के आधार पर परिवहन राशि आवंटित हुई है। प्रधानमंत्री की सभा में जिन योजनाओं के लाभान्वितों को ले जाना है उनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्कूटी वितरण योजना, उज्जवला योजना आदि योजनाएं शामिल है।
...................
बालिकाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से बसें
मोदी की सभा में चित्तौडग़ढ़ जिले से लाभार्थियों को ले जााने के लिए १६७ बसों का इंतजाम किया गया। सभा में चित्तौडग़ढ़ विधानसभा क्षेत्र से ३२ बसों में कार्यकर्ता रवाना हुए है। लाभार्र्थी संवाद में शामिल होने वाली बालिकाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को ले जाने के लिए अलग से बसों का इंतजाम किया गया। ये बसे कलक्ट्रेट चौराहे से रवाना हुई जबकि अन्य बसें रात में क्षत्रिय परिवहन अधिकारी कार्यालय के यहां से रवाना हुई।
....................
जयपुर चलो के लिए भाजयुमो की सेल्फी विथ मोदी
मोदी की जयपुर रैली से पहले शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से शहर के सुभाष चौक में सेल्फी विथ मोदी का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने मोदी के आदमकद पोस्टर के साथ सेल्फी ली। इस माौके पर भाजपा जि़लाध्यक्ष रतन गाडरी, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, युवा मोर्चा जि़लाध्यक्ष हर्षवर्धनसिंह रूद, युवा मोर्चा जि़ला प्रभारी श्रवण सिंह राव, सांसद प्रवक्ता रघु शर्मा, भाजयुमो नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी आदि मौजूद रहे। भाजपा संकल्प से सिद्धी महाभियान के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की जयपुर यात्रा के उपलक्ष्य में सांसद सीपी जोशी से हस्ताक्षर करा हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें विभिन्न वर्गों के लोगों से हस्ताक्षर कराए गए।
................





No comments:
Post a Comment