हिण्डौनसिटी. क्षेत्र में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। बीते करीब एक सप्ताह से चल रहे छितराई बारिश के दौर बाद बुधवार रात से बादलों ने बरसना शुरु किया तो गुरुवार को शाम तक रुकने का नाम ही नहीं लिया। रिमझिम बारिश ने आषाढ़ माह में सावन सी झड़ी लगा दी। रात के बाद दिनभर चले बारिश के दौर से शहर की सडक़े जलमग्न हो गई, तो वहीं बाजारों में पानी भर गया। जलसंसाधन विभाग द्वारा जगर बांध पर ५० व हिण्डौन शहर में २५ एमएम बारिश दर्ज की गई।
अलसुबह लोग जब जागे तो उन्हें बारिश का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों के साथ-साथ कामकाजी लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बारिश के कारण दिन में भी सडक़ें सुनसान नजर आई। शहर की भट्टा कॉलोनी, रज्जाक नगर, इस्लाम कॉलोनी, हनुमान कॉलोनी, मेहताबपुरा, मूंडिया का पुरा, मन्नी का पुरा, खादी भंडार के पास, मण्डावरा रोड, जैन कॉलोनी, पुरानी मंडी यार्ड सहित विभिन्न कॉलोनियों के घरों में पानी घुस गया। जबकि कटरा बाजार, जगदम्बा मार्केट, स्टेशन रोड, शीतला चौराहा, मनीराम पार्क के पास, बरगमां मोड़ सहित विभिन्न रास्ते जलमग्न हो गए। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में रेवई, मण्डावरा, क्यारदा, बाजना, लहचौडा, फैलीपुरा, खेडा, जमालपुर, श्यामपुर मूंडरी, खेडली गुर्जर समेत आसपास के गांवों में बारिश का पानी खेतों में पानी भर गया। गांवों के रास्तों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पडा।
हाकिम के दफ्तर के सामने दलदल
एसडीओ व तहसीलदार के कार्यालयों के सामने सडक़ पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस व्यस्ततम मार्ग से राजकीय चिकित्सालय के अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के वाहनों का दिनभर आवागमन होने से दलदल हो गया है। जिसमें छोटे वाहन व बाइक सवार लोग फंस गए। बाजना रोड पर एक ऊंटगाडी क्षतिग्रस्त सडक़ पर डाली गई मिट्टी में फंस गई। जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इसके अलावा स्टेशन रोड पर पूर्व मंत्री भरोसीलाल जाटव के आवास के बाहर क्षतिग्रस्त सडक़ पर गड्ढ़ों में हुए जलभराव के बीच एक प्रसूता को लेकर जा रहा टेम्पो फंस गया। जिससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। कई वाहनों के चालकों ने टेम्पो को धक्का लगाकर बाहर निकाला।





No comments:
Post a Comment