चिड़ावा(झुंझुनूं). खुडोत गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में काफी देर तक लाठी, पत्थर व धारदार हथियारों से मारपीट की। इसमें दर्जनभर लोग घायल हो गए। जिसमें से 10 जने गंभीर घायल होने से झुंझुनूं रैफर किया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उधर, अस्पताल में अचानक दर्जनभर से ज्यादा घायल पहुंचने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार खुडोत के बनवारी लाल व रामनिवास के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। जिससे दोनों पक्षों में तनातनी होती रही है। तीन-चार दिन पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। गुरुवार सुबह दोनों पक्षों में फिर से तनातनी हो गई। देखते-देखते दोनों पक्षों में हथियार चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के दर्जनभर जने घायल हो गए। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को एंबुलैंस व निजी वाहनों से झुंझुनूं रैफर किया गया। सीआईरामप्रताप चारण ने भी मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह हुए घायल
खुडोत में दोनों पक्षों में जमकर हथियार चले। जिससे दोनों पक्षों के दर्जनभर जने घायल हो गए। मारपीट में बनवारी लाल के परिवार से स्वयं बनवारीलाल के अलावा विमला, अमित, प्रमोद, संदीप, पूनम, किस्मत, कमलेशदेवी आदि घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से रामनिवास के अलावा विनोदकुमार, अरुण, संतोष देवी, विक्रम व अन्य घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार गंभीर रूप से घायल बनवारीलाल, सोना, मधु, संतोषदेवी, अमितकुमार, बिमला, किस्मत, कमलेश, प्रमोद, पूनम को झुंझुनूं रैफर किया गया।
एंबुलैंस की फिर से दिखी कमी
दो पक्षों में मारपीट के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। गंभीर रूप से घायल दो जनों को ही एंबुलैंस 104 की मदद से झुंझुनूं पहुंचाया गया। अन्य घायलों को निजी वाहनों से ले जाया गया। चिड़ावा की एंबुलैंस 108 एक माह से ऑफ रोड है। ऐसे में हादसे के समय एंबुलैंस की सुविधा नहीं मिल पाती। एंबुलैंस नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। मगर विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा।
स्ट्रेचर व जमीन पर किया ईलाज
अस्पताल में एक साथ दर्जनभर से ज्यादा घायल पहुंचने से हड़कंप मच गया। ड्रेसिंग रूम में जगह कम होने के कारण घायलों का बरामदे व जमीन पर लेटा उपचार किया गया। कुछ घायलों का तो स्ट्रेचर पर भी प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों का डॉ.परमेश्वरलाल व डॉ.जितेंद्र ने प्राथमिक उपचार किया।





No comments:
Post a Comment