पाली. जिले के आनंदपुर कालू थाना क्षेत्र के खारचिया गांव में घर में सो रहे व्यक्ति की धारदार हत्या के मामले पुलिस ने दो और आरोपियों को नामजद किया है। उनकी तलाश में नागौर क्षेत्र में पुलिस का एक दल भेजा गया है। इधर, मामले में गिरफ्तार आरोपी पत्नी व दो बेटियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। एक युवक रिमाण्ड पर है।
पुलिस के अनुसार गत 17 जून की रात को खारचिया गांव निवासी बाबूलाल पुत्र रामलाल जाट की उसके घर में ही हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने ढिंगसरा नागौर निवासी महिपाल (20) पुत्र बलदेवराम जाट मृतक की बेटी ममता, ममता की मां सुन्दरी देवी व दूसरी बेटी सुशीला को गिरफ्तार किया था। महिपाल रिमाण्ड पर है। पत्नी व दो बेटियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। महिपाल ने पूछताछ में बताया कि हत्या में दो और युवक शामिल है। उनकी तलाश जारी है। पुलिस का एक दल नागौर क्षेत्र में भेजा गया है।
प्रशासन व ग्राम पंचायत ने हटाया अतिक्रमण
रायपुर मारवाड़. रेलड़ा के पास काणेचा उदावतान में सोमवार को प्रशासन व ग्राम पंचायत ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिसकर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे। रेलड़ा के काणेचा उदावतान में गैर मुमकिन पहाड़ की जमीन पर अतिक्रमण हो रखा था। ये जमीन ग्राम पंचायत ओर से खेल मैदान के लिए प्रस्तावित कर रखी थी। कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर लिया। जिसकी पिछले दिनों ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की। सरपंच विक्रमसिंह व सेंदड़ा उप तहसीलदार सवेरे मौके पर पहुंचे। भू अभिलेख निरीक्षक चैनाराम पटेल के नेतृत्व में नापचौख की गई। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन व ग्राम पंचायत ने जेसीबी की मदद से पक्के निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस दौरान पूर्व सरपंच देवीसिंह व सेंदड़ा पुलिस भी मौके पर मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment