सीकर. प्रदेश में शनिवार को जयपुर में होने वाले प्रधानमंत्री-लाभार्थी जनसंवाद में पुलिस की परेशानी काले रंग ने बढ़ा दी है। पिछले दिनों झुंझुनूं में हुई प्रधानमंत्री की रैली में काले झंडे दिखाने के बाद खौफ में आई पुलिस लाभार्थियों की बारे में पड़ताल करने में जुटी है।
पुलिस को सबसे ज्यादा परेशानी काले रंग में कपड़े पहन कर पहुंचने वाले लाभार्थियों को लेकर है। लाभार्थी काले रंग के कपड़ों में नहीं आएं इसलिए पहले से समझाइश की जा रही है। लाभार्थियों में अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाएं भी शामिल है जो हिजाब व बुर्का पहन कर ही बाहर निकलती है। पुलिस की माने तो सीधे तौर पर उन्हें काले कपड़ों में रैली में पहुंचने से मना भी नहीं किया जा सकता है।
लाभार्थी जन संवाद के दौरान राजमार्ग से गुजरने वाली सभी बसों के लाभार्थियों पर भी पूरी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा विभाग से जाने वाले कार्मिकों के बारे में भी पूरी जानकारी मांगी गई है।
२२५ बसों में जाएंगे ९ हजार से ज्यादा लाभार्थी
राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों से रैली में जयपुर जाने वाले लाभार्थियों के नहाने की व्यवस्था सीकर जिले में की जाएगी। इसके लिए सरकारी स्कूल व कॉलेजों में जिला प्रशासन ने व्यवस्था करवाई है। सभी लाभार्थी बसों में बैठ कर जा सकें। इसके लिए सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है। यातायात के दवाब को देखते हुए सभी सरकारी अस्पताल खुले रहेंगे। वहां प्रधानमंत्री की सभा में जाने वाले सभी लाभार्थियों को 13 प्रकार की केन्द्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के फ ोल्डर दिये जाएंगे। सीकर जिले से दो सौ बसों में रवाना होकर करीब नौ हजार से ज्यादा लाभार्थी जयपुर जाएंगे। बूथवार तय निर्धारित समय पर बसें जयपुर के लिए रवाना होगी।
१५ हजार के नहाने की होगी व्यवस्था
प्रदेश के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ के लाभार्थी अलसुबह जयपुर के लिए रवाना होंगे। ये लाभार्थी योजनावार निर्धारित बसों में पहुंचेगे। इनमें प्रधानमंत्री अवास योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य, राजश्री, स्कूटी वितरण, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, श्रमिक कार्ड, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा, पालनहार, स्किल इंडिया, एमजेएसए व मुद्रा योजनाओं सहित १२ योजनाओं के करीब १५ हजार लाभार्थी का आकलन किया गया है। इन लाभार्थियों के नहाने की व्यवस्था रींगस सहित आस-पास के तय क्षेत्रों में की गई है।
प्रशासन करेगा गिनती
जिला प्रशासन की ओर से जनसंवाद में जाने वाले वाहनों का ब्योरा रखा जाएगा। इसके लिए सरगोठ के पास जिला प्रशासन की ओर से चैकपोस्ट लगाई जाएगी। इस चैकपोस्ट पर रहने वाले कर्मचारी प्रत्येक वाहन व योजना के बारे में जानकारी रखेंगे।





No comments:
Post a Comment