अलवर. अलवर में आज 456 अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी मिल जाएगी। लेकिन नौकरी मिलने के बाद बी.टेक व बी.एससी डिग्रीधारियों को भी झाडू थामनी पड़ेगी। नगर परिषद अलवर व भिवाड़ी की ओर से सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए 18 दिन बाद सोमवार को फिर से जिला परिषद में लॉटरी निकाली जाएगी। इस बार वर्ष 2012 की भर्ती के पात्र अभ्यर्थियों को शामिल करते हुए लॉटरी निकलेगी। सफल अभ्यर्थियों की तुरंत घोषणा के बाद हाथोंहाथ नियुक्ति भी मिलेगी। इस तरह अलवर नगर परिषद में कल से 456 सफाई कर्मचारी और बढ़ जाएंगे। जिससे शहर की सफाई में बड़ी मदद मिल सकेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह 27 जून को सफाई कर्मचारी भर्ती की लॉटरी प्रताप ऑडिटोरियम में निकाली गई थी जो पूरी तरह गोपनीय रखी गई। कुछ दिन बाद न्यायालय के आदेशानुसार अलवर की भर्ती की लॉटरी को इसलिए निरस्त कर दिया गया था कि यहां पर 2012 के अभ्यर्थियों को लॉटरी में शामिल नहीं किया गया। भिवाड़ी की लॉटरी भी तकनीकी कारणों से निरस्त हो गई थी। इसी दिन भिवाड़ी के सफाई कर्मचारी भर्ती की लॉटरी निकाली जाएगी। सोमवार को जिला परिषद कार्यालय में लॉटरी निकालने के तुरंत बाद हाथोंहाथ नियुक्ति पत्र तैयार कर सफल अभ्यर्थियों को जारी किए जाएंगे।
करनी पड़ेगी सफाई
बहुत से अभ्यर्थियों ने इस उम्मीद से आवेदन किए हैं कि सफल होने के बाद नगर परिषद में कोई दूसरा कार्य संभाल लेंगे। लेकिन परिषद आगे नियुक्ति पत्र के आधार पर नौकरी भी कराएगी।
1600 अभ्यथियों में से 456 को नौकरी
अब कुल 1600 अभ्यर्थी हैं। जिनमें से 456 को नौकरी मिलेगी। पिछली बार लॉटरी में 1433 अभ्यर्थी शामिल थे। पुरानी भर्ती के 167 पात्र अभ्यर्थी इसमें शामिल किए हैं। निरस्त किए गए आवेदकों की सूची भी लगाई जाएगी।
बी.टेक व बी.एसी डिग्रीधारी भी थामेंगे झाडू
नगर परिषद में सफाई कर्मी लॉटरी के पास हुए अभ्यर्थियों को झाडू थामनी होगी। यह नगर परिषद पर निर्भर करता है कि वह अभ्यर्थियों से क्या सफाई कराए। अभ्यर्थियों को नाले में भी उतरना पड़ सकता है।





No comments:
Post a Comment