रामदेवरा. क्षेत्र के विरमदेवरा से एकां तक लगी 11 केवी विद्युत लाइन के पोलों में रविवार की रात्रि में अचानक करंट फैल गया तथा ताण तारों की चपेट में आने से तीन पशु पक्षियों की मौत हो गई। विरमदेवरा से एकां तक 11 केवी विद्युत लाइन लगी हुई है। रविवार को बारिश के मौसम में अचानक विद्युत पोल की तारों में करंट फैल गया। विद्युत पोल व ताण तार की चपेट में आने से एक हरिण, एक कौए व एक अन्य पक्षी की मौत हो गई। सोमवार को सुबह यहां से गुजर रहे ग्रामीणों को करंट की जानकारी होने पर उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों को सूचना दी तथा विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। गनीमत रही कि इस दौरान किसी व्यक्ति के तार की चपेट में नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया।
गबन व धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
पोकरण. लाठी पुलिस ने चार वर्ष पूर्व स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एण्ड जयपुर के लाठी शाखा में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर को गबन व धोखाधड़ी के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया। लाठी पुलिस के अनुसार वर्ष 2014 में तत्कालीन लाठी शाखा प्रबंधक रावताराम की ओर से बैंक में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर पर बैंक के पीजीएल खाते से अनाधिकृत रूप से 90 हजार रुपए की राशि अपने व सुभाषचंद्र पुत्र अनिलकुमार के खाते में हस्तांतरित कर राशि खाते से निकाल लेने पर मामला दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम गठित की। जिसमें मुख्य आरक्षक खेमाराम, उपेन्द्रकुमार व मुकेश ने आरोपित बैंक के कम्प्यूटर ऑपरेटर के गांव बिहार के भागलपुर जिले के एकचारी थानांतर्गत खवासपुर में दबिश दी तथा आरोपित प्रमोदकुमार पुत्र डोमन मंडल को दस्तयाब कर थाने लेकर आए। यहां उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपित को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
महीने के तीसरे बुधवार को नसबंदी दिवस
जैसलमेर. जिले में अब हर महीने के तीसरे बुधवार को जिले में पुरूष नसबंदी दिवस आयोजित होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल बुनकर ने बताया कि परिवार नियोजन के स्थायी साधनों को अपनाने में महिलाओं की तुलना में पुरुषों की भागीदारी कम है। परिवार नियोजन के स्थायी साधनों में सुरक्षित, जल्दी और आसान होने के बावजूद पुरुष नसबंदी की हिस्सेदारी लगभग 1.5 प्रतिशत है। इसी क्रम में बुधवार को जिला अस्पताल में पुरुष नसबंदी दिवस आयोजित होगा।





No comments:
Post a Comment