आहोर. उपखंड मुख्यालय पर इसे ग्राम पंचायत की लापरवाही व कोताही ही कर सकते है कि आहोर-तखतगढ़ मार्ग पर डिवाइडरयुक्त सीसी रोड का निर्माण कार्य कई महीनों पूर्व पूर्ण होने तथा नवनिर्मित सीसी रोड के समीप पानी निकासी के लिए नाला निर्माण के लिए ग्राम पंचायत के पास पर्याप्त बजट होने के बावजूद भी ग्राम पंचायत द्वारा आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए निर्धारित समय पर नाला निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया गया। ग्राम पंचायत ने निर्माण कार्य शुरू करने में कई दिनों की देरी करते हुए बारिश के मौसम से कुछ दिनों पूर्व ही आनन-फानन में नाला निर्माण कार्य प्रारंभकरवाया। इसी का ही परिणाम है कि बारिश शुरू हो गई है लेकिन नाला निर्माण कार्य अभी तक अधूरा ही पड़ा है। जिसकी वजह से दुकानदारों व कस्बेवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि कस्बे में नेशनल हाइवे की करोड़ों की स्वीकृति से गत महीनों यहां जोधपुर तिराहे से लेकर प्राइवेट बस स्टैण्ड तक डिवाइडरयुक्त सीसी रोड का निर्माण करवाया गया। निर्माण कार्य के दौरान सीसी रोड के किनारे पानी की निकासी हेतु नाला निर्माण के लिए ग्राम पंचायत में करीब ४० लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई। पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद ग्राम पंचायत की ओर से सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान नाला निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। ग्राम पंचायत का कहना था कि सीसी रोड का निर्माण पूर्ण होने के बाद नाला निर्माण कार्य करवाया जाएगा। लेकिन सीसी रोड का निर्माण पूर्ण होने के बाद भी कई महीनों तक नाला निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया गया। ग्राम पंचायत द्वारा बारिश केे मौसम से पूर्व नाला निर्माण किया जाना था ताकि बारिश के दिनों में सड़क किनारे स्थित दुकानों के आगे बरसाती पानी का भराव न हो तथा आमजन को किसी तरह की परेशान नहीं उठानी पड़ी। लेकिन ग्राम पंचायत ने अपनी मनमानी करते हुए बारिश के मौसम से कुछ दिनों पूर्व ही नाला निर्माण कार्य आनन-फानन में शुरू करवाया। यहीं कारण है कि बारिश शुरू हो गई है लेकिन नाला निर्माण कार्य अधूरा ही पड़ा है।
बारिश के मौसम में दिक्कत
एक तरफ बारिश तथा दूसरी ओर नाला निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने की वजह से दुकानदारों व कस्बेवासियों के साथ निर्माण कार्य कर रहे श्रमिकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार रात व बुधवार दोपहर झमाझम बारिश के बाद नाला निर्माण के लिए दुकानों के आगे खोदी गई गहरी खाई में बरसाती पानी का भराव हो गया। जिससे बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। कस्बेवासियों को कहना है कि ग्राम पंचायत द्वारा समय पर नाला निर्माण कार्य करवाया होता तो बारिश से पूर्व नाला बनकर तैयार भी हो जाता। जिससे आमजन को पानी भराव की समस्या से परेशान नहीं होना पड़ता। ग्राम पंचायत सालभर सोती रही। लेकिन बारिश के दिनों में नाला का निर्माण किया जा रहा है। जिससे परेशान होना पड़ रहा है।





No comments:
Post a Comment