जैसलमेर. दिन भर की गर्मी व उमस से बेहाल जिले के बाशिंदों को रविवार शाम को हुई झमाझम बारिश ने खुश कर दिया। स्वर्णनगरी में सुबह से आसमान में बादलों का डेरा बना रहा। इस दौरान उमस ने लोगों को बेहाल करने मेंं कोई कसर नहीं छोड़ी। आमसान में बादलों की आवाजाही से बारिश होने के आसार बनने लगे थे। इस बार बादलों ने मायूस नहीं किया। बारिश के कारण शहर की सडक़ें, गलियां व मोहल्ले पानी से तरबतर हो गए। बारिश में नहाने का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। करीब एक घंटे तक कभी धीमी तो कभी तेज गति से बारिश का दौर चलता रहा। इसके बाद भी रात तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। पोकरण, रामदेवरा व नाचना में भी जमकर बादल बरसे।
पोकरण. कस्बे में गत कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी व उमस के बाद रविवार की शाम 20 मिनट तक तक बारिश हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली। रविवार को सुबह से ही गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ था तथा आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी। दोपहर के समय आसमान में घने बादल छाने लगे। शाम साढे चार बजे बाद तेज आंधी चली। जिससे पूरा कस्बा रेत की आगोश में समा गया। इसके बाद करीब साढे पांच बजे तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 20 मिनट तक जारी रहा। बारिश से छतों से परनाले चलने लगे तथा सडक़ों पर पानी जमा हो गया। इसके बाद भी रिमझिम फुहारों का दौर चल रहा था। बारिश से जगह-जगह पानी जमा हो गया तथा मौसम ठण्डा व खुशगवार हो गया। इसी प्रकार क्षेत्र के नाचना गांव में भी रविवार को 15 मिनट तक बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। (का.सं.)
मदासर (पोकरण). गांव सहित आसपास क्षेत्र में रविवार को दोपहर 15 मिनट तक बारिश हुई। गत कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद रविवार को दोपहर आसमान में बादल छा गए तथा तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 15 मिनट तक हुई बारिश से छतों से परनाले चलने लगे तथा सडक़ों पर पानी जमा हो गया। बारिश से ग्राम पंचायत, अटल सेवा केन्द्र सहित अन्य सरकारी भवनों में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर में पानी जमा हो गया। जिससे लोगों को परेशानी हुई। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
रामदेवरा. गांव में रविवार की शाम करीब 20 मिनट तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। रविवार को सुबह से ही गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ था। अपराह्न बाद तेज हवाओं के साथ आंधी चलने लगी। जिससे चारों तरफ रेत के गुब्बार छा गए। आंधी के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 20 मिनट तक जारी रहा। बारिश से जगह-जगह पानी जमा हो गया। जिससे यहां आए श्रद्धालुओं को खासी परेशानी हुई। बारिश से मौसम ठण्डा व खुशगवार हो गया।





No comments:
Post a Comment