खेड़ला.
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ीसिंह बैंसला ने कहा कि शिक्षा से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। ऐसे में बुनियादी शिक्षा बच्चों को दिलानी होगी। वे मंगलवार को ग्राम कुतकपुर में गुर्जर समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।बैंसला ने कहा कि लोगों को अपने बालक-बालिकाओं को उच्च शिक्षा दिलानी होगी, तभी वे आरक्षण का लाभ ले सकते हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व विधायक हरज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि पिछले एक दशक में आरक्षण आंदोलन की मुहिम के साथ गुर्जर समाज में अब शिक्षा के प्रति जागृति आई है।लोगों को अपनी मेहनत की कमाई का ज्यादातर खर्च शिक्षा पर करना चाहिए। उन्होंने बालिका शिक्षा पर भी जोर दिया।
समारोह को ब्रिगेडियर हुकमसिंह गुर्जर, प्रोफेसर जेपी गुर्जर, सरपंच संघ के अध्यक्ष अमरसिंह कसाना, कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट भंवरसिंह गुर्जर, दरबारी सिंह, कैप्टन हरप्रसाद तंवर, नवनियुक्त आरएएस लाखनसिंह गुर्जर ने संबोधित किया। इस दौरान 36 8 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
गिरिराज जी की पदयात्रा की तैयारी के लिए बैठक
दौसा. श्री गिरिराज महाराज पदयात्रा समिति के पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को गिरिराज धरण मंदिर में रमेश चन्द शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
समिति सचिव पवन कुमार व्यास ने बताया कि बैठक में 15 सितम्बर 2018 को गोवर्धन गिरिराज महाराज गोवर्धन जी के लिए जाने वाली 33 वीं पदयात्रा को सफल बनाने पर चर्चा की गई। पदयात्रा को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। मिटिंग में हीरालाल गुप्ता, गोपाल गुप्ता, द्वारका टटार, मदनलाल शर्मा, राकेश माठा, ओमप्रकाश खवा, हरिमोहन शाहरा,गिरिश व्यास, कमलेश बाली, सुरेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र वकील, कैलाश विजय,सत्यनारायण राहुवास, विष्णु बिंवाल, रमाकांत, सतीश शर्मा, अशोक डोलिका, खुशीराम माठा, संताष सैन आदि मौजूद थे।
वन महोत्सव व प्रतियोगिताएं आयोजित
लालसोट. होदायली ग्राम के राजकर उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्काउट गाइड एवं ईको क्लब के तत्वावधान में वन महोत्सव आयोजित किया गया। वन संरक्षण के लिए जागरूकता रैली, पर्यावरण पोस्टर प्रतियोगिता, व्याख्यान माला एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानाचार्य उत्तम चन्द शर्मा ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
ईको क्लब प्रभारी गिर्राज प्रसाद गुप्ता ने बताया पर्यावरण संरक्षण पर पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें रिंकू महावर प्रथम, कुमकुम सैन द्वितीय तथा गौरी शंकर महावर तृतीय स्थान पर रहे। प्रत्येक विद्यार्थी को एक पौधे के संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान एसएमसी अध्यक्ष कल्याण सहाय मीना, रामजीलाल मीना, शिक्षक अजय बैरवा, सांवलराम मीना, सन्तोष मीना, नाथूलाल मीना, कैलाश चन्द गुप्ता, हीरालाल मीना आदि मौजूद थे। (नि.सं.)





No comments:
Post a Comment