सीकर. राजस्थान के सीकर जिले के पाटन कस्बे के गांव दलपतपुरा में शनिवार को फेस बुक पर की गई पोस्ट पर उपजे विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली मारने से पहले हमलावरों ने लाठी तथा अन्य हथियारों से युवक के साथ मारपीट की। घायल अवस्था में युवक को जयपुर रैफर किया गया है। परिजनों का दावा है कि यहां चिकित्सकों ने उसके पैर में लगी गोली को निकाल दिया है। जबकि पुलिस गोली लगने की पुष्टि से इंकार कर रही है। जानकारी के अनुसार दलपतपुरा निवासी शेर सिंह लादी का अपने चाचा प्रकाश गुर्जर के साथ पिछले तीन चार दिन से जमीनी विवाद चल रहा था। तीन दिन पहले शेर सिंह ने प्रकाश के साथ मारपीट भी की बताई। जिसके बाद प्रकाश ने पाटन थाने में शेर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को शेर सिंह ने प्रकाश के खिलाफ सोशल साइट फेसबुक पर कोई टिप्पणी पोस्ट कर दी थी। जिसको लेकर प्रकाश ने अपने ससुराल टोरडा रामपुरा कोटपुतली में फोन कर अपने ससुराल वालों को शिकायत की। इसके बाद शनिवार सुबह करीब सात बजे प्रकाश के ससुराल वाले हरियाणा से चार-पांच युवकों को साथ लेकर जीप में दलपतपुरा पहुंचे। उस समय शेर सिंह दौड़ लगाकर अपने घर की तरफ जा रहा था तभी रास्ते में उन्होंने उसे रोक कर मारपीट शुरु कर दी। हमलावरों ने हवाई फायर करने के साथ शेर सिंह के पैर में भी गोली मारी बताई। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। शेर सिंह को घायल अवस्था में पाटन के सामुदायिक अस्पताल में लाया गया। यहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। इधर, घटना के बाद पाटन थाना अधिकारी सवाई सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। उनका कहना था कि हमलावरों की तलाश में टीम भिजवाई है। पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शेर सिंह के परिजनों के अनुसार ऑपरेशन कर चिकित्सक ने उसके पैर से गोली निकाल दी है उसके हाथ में भी फ्रैक्चर आया है। वहीं पुलिस गोली चलने की बात की पुष्टि नहीं कर रही है। हालांकि उसका कहना है कि गोली लगी है तो आरोपियों के खिलाफ उक्त धारा में कार्रवाई की जाएगी। जबकि शेर सिंह के परिजन जयपुर होने के कारण घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को रिपोर्ट नहीं दे पाए हैं।
एक दिन पहले कराया फैसला
जानकारी में आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद के बंटवारे का फैसला एक दिन पहले ही गांव के मौजिज लोगों ने कराया था। इसी बीच शनिवार सुबह
यह घटना हो गई। हालांकि बीच रास्ते युवक के साथ मारपीट तथा गोली मारने की घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। घटना के दौरान वहां कई पुरुष व महिलाएं
मौजूद थी। लेकिन हमलावरों के हाथ में हथियार देखकर सभी सहम गए और बीच बचाव करने की
हिम्मत भी कोई नहीं जुटा पाया। मौका पाकर हमलावर फरार हो गए।
भर्ती की तैयारी कर रहा था
हमले में घायल शेर सिंह सेना तथा पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने बताया कि वह रोज सुबह जल्दी उठकर दौड़ लगाने जाता था। हमलावरों को इस बात की खबर थी तभी उन्होंने सुबह जल्दी का समय चुना और उस पर हमला कर जान से मारने का प्रयास किया।





No comments:
Post a Comment