सोमेसर. सांवलता गांव में बुधवार को विद्युत पोल पर कार्य करते समय अचानक करंट लगने से लाइनमैन नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। क्योंकि कुछ वर्ष पूर्व मृतक लाइनमैन इंटनदरा मेड़तिया निवासी प्रकाश कुमार (30 ) के पिता गीगाराम मीणा की भी ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई थी। मृतक प्रकाश अपने पिता की जगह सरकारी नौकरी पर लगा था। बुधवार को सांवलता कस्बे के महादेव मन्दिर के परिसर में बिजली के पोल पर कार्य करते समय प्रकाश कुमार (30 ) पुत्र गीगाराम मीणा को अचानक करंट लग गया। पोल से नीचे गिरते ही उसकी मौत हो गई।
ट्रेक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत
रायपुर मारवाड़. सेंदड़ा थाना क्षेत्र के रेलड़ा गांव में ट्रेक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों सौंपा। थानाप्रभारी विष्णुदत्त राजपुरोहित के अनुसार रेलड़ा निवासी उगमसिंह (१८) पुत्र नारायणसिंह रावत मंगलवार रात खेत से पैदल घर आ रहा था। इस दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेक्टर चालक ने उगमसिंह को चपेट में ले लिया। गंभीर स्थिति में परिजन उसे ब्यावर अस्पताल ले गए। जहां देर रात उसे अजमेर रेफर किया गया।
बिरामी में फंदे पर लटका मिला शव
सांडेराव. बिरामी गांव में एक व्यक्ति का शव घर में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। जानकारी के अनुसार बिरामी निवासी मांगीलाल (४७) पुत्र मूलाराम माली का शव घर में फंदे पर झूलता मिलता। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक के पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि वह किसी कार्य से अपने ससुराल गया था। घर में उसके पिता मांगीलाल अकेले थे।
सडक़ पर पड़ी बजरी बनी बाइक सवार की मौत का कारण
लुणावा. करणवा गांव के निकट सडक़ पर बिखरी बजरी एक युवक की मौत का कारण बन गई। युवक की बाइक फिसलने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार लुणावा निवासी मुकेश कुमार (24) पुत्र चुन्नीलाल मेघवाल बुधवार अपराह्न करीब चार बजे मिरगेश्वर पंचायत के सोनवा बांध से घर आ रहा था। रास्ते में पड़ी बजरी पर उसकी बाइक फिसल गई। इससे वह नीचे गिरा और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया।
एक दिन पहले ही घर आया था मुकेश
मुकेश अहमदाबाद में कार्य करता था। जो मंगलवार को ही गांव आया था। ऐसे में परिवार में खुशी का माहौल था। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनवा बांध घूमने गया था और वापस घर लौटते समय हादसा हो गया।





No comments:
Post a Comment