Breaking News
recent

पुत्र के दोस्त ने ही रची थी हत्या की साजिश

लालसोट. रामगढ़ पचवारा थाना इलाके के कोलीवाड़ा गांव में सात दिन पूर्व हुए लक्ष्मण मीना हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मण ने करीब डेढ़ महीने पहले उसके पुत्र के दोस्त रामकिशोर उर्फ धोल्या मीना के साथ मारपीट कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए धोल्या ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस घटना का अंजाम दिया।

 

रामगढ़ पचवारा पहुंचे एएसपी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि लक्ष्मण के पुत्र विश्राम उर्फ रसाली का दोस्त शाहजानपुरा निवासी रामकिशोर ऊर्फ धोल्या मीना हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। पुलिस ने धोल्या, रमेश मीना निवासी कोलीवाड़ा, रामोतार मीना निवासी ढोलावास व राजेन्द्र मीना निवासी ढोलावास को गिरफ्तार किया है। वहीं राजेश मीना निवासी टोरड़ा, हेमराज मीना निवासी टोरड़ा, धारासिंह गुर्जर निवासी नेहड़ी जसवंतपुरा, लोकेश मीना निवासी बरनाला, विनोद प्रजापत निवासी श्रीमा, गुलकेश मीना निवासी करेल, विकास मीना करेल, दिलखुश मीना निवासी करेल फरार हैं।

 


उल्लेखनीय है कि गत 1 जुलाई की रात्रि को लक्ष्मण मीना कोलीवाड़ा गांव में अपनी दुकान पर सो रहा था। उसकी सिर व हाथ पर वार करते हुए निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ दो दिन तक धरना-प्रदर्शन किया था।

 


बदला लेने के लिए वारदात


पुलिस के अनुसार गत 24 मई को शराब के नशे में रसाली, धोल्या, गुड्डू शर्मा व रमेश मीना मृतक लक्ष्मण के घर गए थे। जहां लक्ष्मण व उसके पुत्र रसाली के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद रसाली, गुड्डू व रमेश मौके से भाग छूटे और धोल्या को लक्ष्मण व परिजनों ने पकड़कर पीटा। इसके बाद धोल्या ने लक्ष्मण मीना से बदला लेने की ठान ली और हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि लक्ष्मण अपने पुत्र रसाली के धोल्या के साथ रहने से परेशान था।

 


यूं किया खुलासा


एएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए लालसोट सीओ मोहनलाल के निर्देशन में लालसोट एसएचओ राजेन्द्र मीना, रामगढ़ पचवारा एसएचओ रविन्द्र कुमार, मंडावरी एसएचओ प्रवीण कुमार, साइबर सेल के एएसआई गिर्राज प्रसाद, हैड कांस्टेबल बालकिशन, कांस्टेबल दिलीपकुमार, लालूराम, रामसिंह थाना मंडावरी, रामसिंह थाना सदर, संदीप, पूनीलाल, शंकरलाल एवं मक्खन का एक दल गठन करते हुए मोबाइल कॉल डिटेल, टावर लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की तलाश शुरू की। धोल्या को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस का कहना है आरोपितों में कई विभिन्न थानों में वांछित हैं।(नि.प्र.)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.