बीकानेर. सफाई नहीं होने से पिछले दिनों बारिश के दौरान उफने नालों की नगर निगम ने अब सुध ली है। निगम अब नालों के पास हो रहे अतिक्रमणों को ध्वस्त करेगा, ताकि नालों की पूरी तरह सफाई हो सके। निगम के दो दलों ने सोमवार को पुरानी गिन्नाणी, राणीसर बास, रोशनीघर चौराहा तथा पुलिस लाइन क्षेत्रों में नालों के पास अतिक्रमणों पर लाल रंग से निशान लगाए। निगम बाद में इन अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई करेगा।
निगम के राजस्व अधिकारी जगमोहन हर्ष और अशोक जाखड़ के नेतृत्व में निगम टीमों ने नालों की दीवार से दस फीट तक मकान, दीवार, बाड़ा, चौकी, गेट आदि के रूप में किए गए अतिक्रमणों पर क्रॉस के आकार के लाल चिह्न लगाए। निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे ने बताया कि कई माह पहले संयुक्त टीम ने सर्वे कर निगम क्षेत्र के विभिन्न नालों पर ७३ अतिक्रमण चिह्नित किए थे। निगम इन अतिक्रमियों को दो बार नोटिस दे चुका है। सोमवार को निशान लगाने के दौरान में इन्हें चेतावनी दी गई। निगम ने कहा कि यदि नालों की दीवार के पास अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो निगम इन्हें हटाने की कार्रवाई करेगा।
किसी को आपत्ति, किसी ने बताया सही
निगम दलों के लाल क्रॉस लगाने के दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति भी जताई। वहीं कुछ लोगों ने नालों के पानी के निर्बाध प्रवाह और आए दिन नालों से होने वाली समस्या के समाधान के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने को सही बताया। निगम दलों में जेईएन मंजू कंवर, रामचन्द्र चौधरी, पीपीए संतोष मीणा, सर्वेयर राजेन्द्र तंवर, स्वास्थ्य निरीक्षक बुलाकी, बीडी व्यास, जमादार और पुलिस का जाब्ता मौजूद रहा।
पत्रिका ने उठाया मुद्दा
'राजस्थान पत्रिका' ने १९ जुलाई को 'अतिक्रमण हटे तो हो नालों की सफाईÓ समाचार प्रकाशित कर नालों के पास अवैध निर्माण तथा सफाई के लिए मशीनों के नालों तक नहीं पहुंच पाने का मामला उठाया था। इसके बाद हरकत में आए निगम प्रशासन ने सूचीबद्ध अतिक्रमणों पर लाल क्रॉस लगाने की योजना बनाई। सोमवार को यह कार्रवाई की गई। न्यास अपने अधीन नालों के पास अतिक्रमण हटाने में अब भी उदासीनता बरत रहा है।





No comments:
Post a Comment