सवाईमाधोपुर. राज्य सरकार की ओर से भले ही डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने के लिए करोड़ो रुपए खर्च किए जा रहे, तो दूसरी ओर अधिकारियों की अनदेखी से डिजिटल इंडिया का सपना साकार होता नजर नहीं आ रहा है। ऐसा ही मामला मंगलवार को दो दिवसीय ई-सखी प्रशिक्षण में देखने को मिला। जहां प्रशिक्षण में थोड़ी देरी होने से प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण से वंचित रह गए।
उन्हें अधिकारियों ने प्रशिक्षण में देरी होने की बात कहकर निकाल दिया। इसके बाद सभी प्रशिक्षणार्थियों ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केन्द्र संचालक पवन मंगल ने बताया कि राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मान्यता प्राप्त ज्ञान केन्द्र गंगापुरसिटी, बौंली, बामनवास, खंडर एवं जिला मुख्यालय के ई-सखी का दो दिवसीय प्रशिक्षण गत सोमवार व मंगलवार को पंचायत समिति अटल सेवा केन्द्र पर रखा गया।
इस दौरान कुछ प्रशिक्षणार्थियों ने ट्रेनिंग पूरी कर ली है। दूसरे दिन मंगलवार को बारिश आने के कारण वाहन नहीं मिलने व रास्ता अवरूद्ध होने से प्रशिक्षण स्थल अटल सेवा केन्द्र पहुंचने में देरी हो गई। सुबह 11 बजे प्रशिक्षणार्थी केन्द पर पहुंचे। थोड़ी देरी होने से अधिकारियों ने उन्हें प्रशिक्षण से निकाल दिया। इसके बाद केन्द्रों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रशिक्षण में खानापूर्ति करने की शिकायत की और प्रशिक्षण में शामिल कराने की मांग की।
इस पर जिला कलक्टर ने सूचना प्राद्यौगिकी एवं संचार विभाग एसीपी उपनिदेशक से बात की। इसके बाद सभी प्रशिक्षार्थी पंचायत समिति में प्रशिक्षण लेने गए तो वहां कोई अधिकारी नहीं मिला, जबकि ट्रेनिंग शाम साढ़े चार बजे तक होनी थी।
- दो दिवसीय ई-सखी प्रशिक्षण में सरकार के नियम सख्त है। प्रशिक्षण में निर्धारित समय पर आना जरूरी था लेकिन प्रशिक्षाथी देरी से प्रशिक्षण स्थल पहुंचे।
प्रदीप शर्मा, एसीपी उपनिदेशक,सूचना प्राद्यौगिकी एवं संचार विभाग सवाईमाधोपुर
कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
बौंली. उपखंड अधिकारी विजेंद्र मीणा ,तहसीलदार महेंद्र कुमार मीणा एवं विकास अधिकारी हरिसिंह ने संयुक्त रुप से मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उप जिला कलक्टर विजेंद्र मीणा ने बताया कि सुबह 8.50 पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल कार्यरत 15 कर्मियों में से 4 अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति रजिस्टर में जांच करने पर पाया गया कि विद्यालय की प्रधानाचार्य उपस्थिति रजिस्टर में 24 जुलाई तक एडवांस हस्ताक्षर कर रखे थे। विद्यालय में शिक्षा का स्तर न्यून पाया गया। सुबह 9.15 पर उप स्वास्थ्य केंद्र लाखनपुर बंद मिला। 9.30 पर ग्राम पंचायत बपूई में एमजेएसए योजना अंतर्गत भगोरा खेत के पास एनिकट का निरीक्षण किया। इसके अलावा राउमावि बपूई, कृषि केंद्र बपूई, उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले। लोकेंद्र मीणा कृषि पर्यवेक्षक, संतरा मीणा एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा अन्य कार्यालयों व विद्यालयों का भी निरीक्षण किया गया।





No comments:
Post a Comment