चूरू.
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक की ओर से बुधवार को जिला परिषद सभागार में 161 शिक्षकों के लिए आयोजित सिक्स-डी की काउंसलिंग शिक्षकों के विरोध व हंगामे के बाद आखिरकार स्थगित कर दी गई। काउंसलिंग का विरोध कर रहे शिक्षकों ने डीईओ प्रारंभिक कार्यालय की ओर से तैयार की गई सूची को नियम विरुद्ध ठहराते हुए विरोध जताया।
जिला परिषद सभागार के गेट पर बैठे शिक्षकों ने अधिकारियों को अंदर नहीं जाने दिया। बाहर खड़े महिला-पुरुष शिक्षकों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया। बाद में शिक्षक संघों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला परिषद में जिला प्रमुख हरलाल सहारण से मिलकर काउंसलिंग को नियम विरुद्ध बताते हुए इसे निरस्त करवाने की मांग की। करीब एक घंटे इंतजार के बाद जिला प्रमुख के चैंबर में पहुंचे उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा डा. महेंद्र कुमार चौधरी, डीईओ माध्यमिक पितराम सिंह काला व डीईओ प्रारंभिक संपतराम बारूपाल ने शिक्षकों से वार्ता की।
जिला प्रमुख ने शिक्षकों की पैरवी करते हुए अधिकारियों से काउंसलिंग संबंधी हर आपत्ति का निस्तारण कर दुबारा काउंसलिंग करवाने के लिए कहा। करीब पौन घंटे चली वार्ता के बाद उप निदेशक ने शिक्षा अधिकारियों को दुबारा रिव्यू सूची तैयार कर दुबारा काउंसलिंग करवाने के निर्देश दे दिए। डीईओ माध्यमिक के मुताबिक अब काउंसलिंग गुरुवार सुबह 10 बजे डाईट कार्यालय में होगी। वार्ताके दौरान अनेक शिक्षक मौजूद थे।
वार्ता में ये थे शामिल
काउंसलिंग के विरोध में जिला प्रमुख की मौजूदगी में हुई वार्तामें शिक्षक संघ राष्ट्रीय के मंडल उपाध्यक्ष कृष्णकुमार सैनी, जिला संगठन मंत्री राजवीर सिंह, जिला प्रवक्ता शिवकुमार शर्मा, सुरेश पंवार, अशोक सिंह शेखावत, सूर्यप्रकाश शर्मा, रामेश्वर खीचड़, पूर्णमल दानोदिया व रामेश्वर खीचड़ आदि मौजूद थे।
इनका किया विरोध
- राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिला प्रवक्ता शिव कुमार शर्मा के मुताबिक शिक्षकों की मांग थी कि नियमानुसार सिक्स-डी काउंसलिंग में केवल पंचायत राज के शिक्षकों को लिया जाए। न कि प्रारंभिक शिक्षा के शिक्षकों को।
- वर्ष 2017 तक के शिक्षकों की हाल ही में काउसंलिग हो चुकी है। ऐसी स्थिति में 1980 से 96 तक के पुराने शिक्षकों की काउसंलिंग ना की जाए।
-छह महीने से कम अवधि में सेवानिवृत होने वाले, दिव्यांग, हाल ही में स्थानांतरित शिक्षकों की काउसंलिंग ना की जाए।
'' काउंसलिंग के लिए दुबारा नई सूची तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सिक्स-डी पंचायत राज के साथ ही शिक्षा विभाग में भी होती है। पूरी स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।''
डा. महेंद्र चौधरी, उप निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, चूरू
'' नई सूची तैयार की जा रही है। अब काउंसलिंग गुरुवार सुबह 10 बजे डाइट चूरू में करवाईजाएगी।''
पितराम सिंह काला, डीईओ, कार्यालय माध्यमिक शिक्षा, चूरू





No comments:
Post a Comment